Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविधानसभा में सपा से अलग बैठेंगे शिवपाल !

विधानसभा में सपा से अलग बैठेंगे शिवपाल !

– अखिलेश यादव ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर शिवपाल को आगे की पंक्ति में बैठने की मांग की

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपने चाचा व प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव के लिए आगे की पंक्ति में सीट मांगी है। उन्होंने कहा है कि शिवपाल यादव सदन के वरिष्ठ सदस्य हैं और वह एक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। इसलिए उन्हें विधान सभा मण्डप में अग्रिम पंक्ति में बैठने की व्यवस्था की जाए।

सपा के खेमे में यह चर्चा की जा रही है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश) ने चाचा शिवपाल को सम्मान देने का काम किया है। दूसरी तरफ सियासी गलियारे में चर्चा इससे इतर है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव द्वारा अपने चाचा शिवपाल यादव के लिए आगे की पंक्ति में सीट की मांग, उन्हें इज्जत देने से ज्यादा अपने से दूर करने की रणनीति दिखाई दे रही है।

अखिलेश ने शिवपाल को अपने से दूर करने का एक रास्ता खोज निकाला है। दरअसल सदन में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अखिलेश यादव हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी की तरफ से आगे की पंक्ति में अखिलेश यादव ही बैठ सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष की सीट निर्धारित है। सपा के लिए निर्धारित सीटों में वह समायोजित नहीं हो पा रहे हैं। लिहाजा अखिलेश ने एक तीर से दो निशाना साधते हुए प्रसपा अध्यक्ष के नाते शिवपाल यादव के लिए आगे की पंक्ति में सीट की मांग की है। अगर विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी यह मांग मान ली तो इससे शिवपाल यादव आगे की ही पंक्ति में नहीं बल्कि सपा से अलग बैठेंगे। इस प्रकार शिवपाल यादव सपा के साथ ही अपने भतीजे से सदन में भी दूर हो जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के बीच तालमेल अच्छा नहीं रहा है। एक दूसरे के बीच तलवारें खिंची हुई हैं। अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के बीच की रार कई बार सार्वजनिक हो चुकी है। कुछ लोग इसे उसी रार का परिणाम मान रहे हैं। हालांकि सपा वरिष्ठ नेता मनोज पाण्डेय ने मंगलवार को पत्रकारों के सवाल पर कहा कि शिवपाल वरिष्ठ नेता हैं। इसलिए उन्हें आगे की कतार में बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसीलिए पत्र लिखा है।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular