भाजपा के सिटिंग विधायकों और मंत्रियों की अलसुबह से ही बढ़ी सक्रियता,दूसरे दल उहापोह में
वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश में विधानसभा चुनाव के शंखनाद के साथ चुनावों की तारीखों का ऐलान भी हो गया है। लेकिन अभी तक प्रमुख दल भाजपा,कांग्रेस,बसपा,सपा के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं हुई है। आम आदमी पार्टी ने ज्यादातर सीटों पर अपने संभावित उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। ऐसे में भाजपा को छोड़ सभी दल का चुनाव प्रचार रंगत में नहीं है।
कार्यकर्ता और पदाधिकारी प्रत्याशियों को लेकर उहापोह की स्थिति में है। इससे इतर भारतीय जनता पार्टी (के सिटिंग विधायक और मंत्री के साथ पदाधिकारी सुबह से ही आम लोगों के बीच पहुंच कर अपनी दावेदारी को मजबूती देने में जुटे हुए हैं।
शहर दक्षिणी के विधायक और प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी अलसुबह से ही कभी अकेले तो कभी सहयोगियों के साथ क्षेत्र में सक्रिय दिख जाते है। यही हाल कैंट,रोहनिया,पिंडरा विधायक का है। पार्टी के पदाधिकारी और बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी दलों पर मानसिक रूप से बढ़त बनाने के लिए सोशल मीडिया से लेकर मोहल्लोंं और गांवों में लगातार सक्रिय हैं। मोहल्लों में बूथ स्तर पर उनकी बैठकी भी हो रही है। कार्यकर्ताओं मतदाताओं के साथ घुल-मिल रहे है। नाराज लोगों का मान मनौव्वल भी कर रहे हैं। विरोधी दल के कार्यकर्ता फिलहाल सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर सक्रिय हैं।
सरकार की नीतियों के बजाय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर व्यक्तिगत रूप से हमलावर है। शहर के आठों विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी और गठबंधन सुभासपा,कांग्रेस की सक्रियता भी दिख रही है। कांग्रेस के कार्यकर्ता फिलहाल पिंडरा से पूर्व मंत्री अजय राय की दावेदारी को तय मान प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं । बचे सात विधानसभा सीटों में उम्मीदवारों का नाम स्पष्ट न होने से पदाधिकारी भी मौन है। शहर के चौपाल,अड़ियों पर भी चुनावी चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। लोगों का मानना है कि पिंडरा को छोड़ कर हर विधानसभा सीटों पर लड़ाई भाजपा और सपा के बीच दिख रही है।
श्रीधर
