– जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचन व्यय लेखा दाखिल करने व रेट चार्ट तैयार करने को लेकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न
मुरादाबाद (हि.स.)। आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 निर्वाचन व्यय लेखा दाखिल करना-रेट चार्ट तैयार किए जाने के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों एवं महानगर अध्यक्षों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक आहूत की गयी।
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु संभावित उम्मीदवारों द्वारा प्रतिदिन व्यय की जाने वाली धनराशि का लेखा-जोखा निर्वाचन व्यय लेखा रजिस्टर में अंकित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 की घोषणा से पूर्व वस्तुओं के रेट चार्ट का निर्धारण जिले में प्रचलित दरों के अनुसार निर्धारित किया जाना है। निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों द्वारा विधान सभा निर्वाचन हेतु व्यय करने की सीमा रुपये 30 लाख 80 हजार निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता 1 जनवरी 2021 के आधार पर विधान निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख प्रकाशन विगत 1 नवंबर को किया जा चुका है। निर्वाचक नामावलियों की आलेख सूची एवं पूरक सूची समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को निःशुल्क उपलब्ध करा दी गई है। निर्वाचक नामावलियों का अन्तिम प्रकाशन आगामी 5 जनवरी को किया जाना है। अन्तिम रूप से प्रकाशित की जाने वाली निर्वाचक नामावलियों की प्रतियां भी 5 जनवरी को सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को निर्वाचक नामावलियों की प्रतियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर स्वीप योजना के नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद हैं, के निर्देशन में डा. अनुज अग्रवाल सहायक नोडल अधिकारी स्वीप द्वारा जनपद के विभिन्न कालेजों एवं व्यवसायिक संस्थाओं में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों को बताया कि आपको ईवीएम वीवीपैट के माध्यम से मतदान कर्मियों को प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु ईवीएम वीवीपैट के सैट कलेक्ट्रेट में रखे गये हैं, जिनका आप माॅकपोल कर मतदान की प्रक्रिया से अवगत हो सकते हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र सिंह, मुख्य कोषाधिकारी समीर कुमार सिंह, नगर मजिस्टेªट एमपी सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मो. शबाहत, सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव, सपा कार्यालय प्रभारी महेन्द्र सिंह, बसपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश सिंह, बसपा के एहसानउलहक कुरैशी, भाजपा महानगर महामंत्री भाजपा श्याम बिहारीहारी शर्मा, भाजपा महानगर मंत्री शम्मी भटनागर आदि उपस्थित रहे।
निमित जायसवाल
