चुनाव जीता तो धरातल पर दिखेगा विकास कार्य-पवन सिंह
लोकतंत्र में विश्वास रखती है भाजपा-पवन सिंह चौहान
सीतापुर,(हि.स.)।भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी पवन सिंह चौहान को चुनाव जिताने के लिए जिले की पूरी भाजपा एकजुट होकर रणनीति बनाने में लग गई है। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी बांट दी गई है। पदाधिकारी अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक मतदाताओं का प्रथम वरीयता में मत एमएलसी प्रत्याशी के पक्ष में कराने के लिए जुट गए हैं। भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह चौहान ने हिन्दुस्थान समाचार से बताया कि जिले में सभी मतदाताओं का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। भाजपा लोकतंत्र में विश्वास रखती है,उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य ,रोजगार और संस्कार का अनूठा संगम प्रदर्शित होगा । गांजर क्षेत्र में सभी विधायकों के साथ मिलकर विकास की कार्ययोजना बनाई जायेगी।
प्रत्याशी के पक्ष में लगातार संपर्क कर रहे हैं पार्टी कार्यकर्ता-अचिन मेहरोत्रा
भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने जिला कार्यालय में एमएलसी प्रत्याशी पवन सिंह चौहान के पक्ष में मण्डल अध्यक्षों की आयोजित बैठक में कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि पार्टी के घोषित प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाये। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीते विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा के आगे विपक्ष नतमस्तक है।
बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा एमएलसी प्रत्याशी पवन सिंह चौहान ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिये हम हमेशा मौजूद रहेंगे। हमारा मोबाइल हमेशा खुला रहता है, यदि किसी कार्यकर्ता को कोई समस्या है, तो उसे प्राथमिकता के साथ निदान कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि सांसद व सभी विधायकों के साथ मिल कर पूरे जिले का विकास कराया जायेगा, साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान किया जायेगा। बैठक में विधायक शंशाक त्रिवेदी, निर्मल वर्मा सहित पूर्व एमएलसी भरत त्रिपाठी, इन्दु सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, भाजपा नेता राजेश शुक्ला, विश्राम सागर राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय भार्गव सहित जिले के सभी मण्डल अध्यक्ष व नगर अध्यक्ष मौजूद रहे।
प्रधान, बीडीसी सदस्य और सभासदों का हुआ सम्मान
भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने बताया कि जिले के सभी बीडीसी, प्रधानों व सभासदों से जनसपंर्क किया जा रहा है । महोली,हरगांव, मिश्रिख, लहरपुर, बिसवां, परसेण्डी, सेउता,एलिया,पिसावां,रेउसा, सिधौली, मछरेहटा, गोंदलामऊ, कसमंडा,पहला,कमलापुर ,महमूदाबाद सहित सभी ब्लाॅकों व मंडलों में मतदाताओं से सम्पर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से सभी प्रधानों, बीडीसी,व सभासदों का सम्मान कर उन्हें पार्टी के समर्थन में जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में 90 प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन निश्चित है।
महेश शर्मा
