मेरठ (हि.स.)। विद्युत समाधान सप्ताह के दौरान शनिवार को प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बिजली घरों और अधिकारियों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने विद्युत समाधान सप्ताह के दौरान बिजली घरों का निरीक्षण करके हालात का जायजा लिया। इससे विद्युत अधिकारियों में खलबली मच गई। बिजलीघरों पर लगाए गए विशेष शिविरों में लोगों की समस्याओं को सुनना और उनका मौके पर ही समाधान कराया। इस दौरान रामलीला ग्राउंड बिजलीघर में निरीक्षण करके लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। यहां एक्सपायर्ड अग्निशमन यंत्र मिलने पर जेई से नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल ही इन उपकरणों को बदलने की हिदायत दी। उन्होंने रजिस्टर में दर्ज समस्याओं की समीक्षा की और उपभोक्ताओं को फोन से बातचीत कर समस्या के समाधान के बारे में जानकारी हासिल की।
ऊर्जा राज्य मंत्री ने कहा कि बिजली चोरों से सख्ती से निपटा जाएगा। उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जा रहा है। विद्युत समाधान सप्ताह में 90 फीसदी शिकायतों का निस्तारण हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कुलदीप
