Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविद्युत विभाग की टीम की तहरीर पर 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

विद्युत विभाग की टीम की तहरीर पर 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

चैकिंग टीम पर लगे आरोपों की हो रही जांच

मामला विद्युत चैकिंग टीम और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प का

झांसी(हि. स.)। थाना व कस्बा गुरसरांय में विद्युत चैकिंग टीम और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद उपखंड अधिकारी के साथ मारपीट करने वाले एक नामजद समेत 30 आरोपितों के विरुद्ध एससी एसटी समेत सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जबकि बाजार के लोगों के आरोप पर अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। लोगों के पक्ष की ओर से मामले में जांच की बात सामने आ रही है। इस बात को लेकर लोगों का आक्रोश साफ नजर आ रहा है।

तहसील गरौठा के अंतर्गत आने वाले विद्युत उप केंद्र गुरसराय उपखंड अधिकारी चेन्द्रेश सिंह तोमर द्वारा नगर में विद्युत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। गुरसराय थाने में विद्युत उपखंड अधिकारी चंद्रेश सिंह तोमर द्वारा प्रार्थना पत्र देते हुए आरोप लगाया है कि प्रार्थी चंद्रेश सिंह तोमर अपनी विद्युत विभाग की टीम एवं विजिलेंस टीम के साथ गुरसरांय नगर में विद्युत चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान अमन गोस्वामी एवं कुछ अन्य 20 से 30 लोग आए और विद्युत चैकिंग की टीम के साथ गाली गलौज करने लगे। जिसका विरोध उपखंड अधिकारी चंद्रेश सिंह तोमर एवं नीरज कुमार टी जी 2 द्वारा किया गया तो उक्त दबंग व्यक्तियों ने गाली गलौज के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।

दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना अध्यक्ष गुरसराय अरुण कुमार तिवारी द्वारा आरोपी अमन गोस्वामी पुत्र राजू गोस्वामी एवं 20 से 30 आने लोगों के खिलाफ धारा 147 ,323 ,504 ,506 ,332 ,353, 427 व एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।

वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं समेत दर्जनों लोग धरने पर जा बैठे। उनका आरोप था कि चैकिंग के दौरान विद्युत विभाग की टीम घर में घुसकर महिलाओं के साथ बसलूकी कर रही थी। इसके चलते झड़प हुई। यह पूरा मामला देर रात तक चलता रहा इसके चलते कई थानों की पुलिस,एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह, सीओ गरौठा आभा सिंह समेत तमाम अधिकारियों को वहां पहुंचना पड़ा। किसी तरह देर रात समझ बुझाकर लोगों को शांत कराया जा सका।

सीओ आभा सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट के वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं बाजार के लोगों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर उनका भी मामला दर्ज किया जाएगा।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular