फतेहपुर (हि.स.)। जिले में बुधवार को विद्युत विभाग द्वारा विद्युत चोरी के खिलाफ की गई छापेमारी की कार्रवाई में 22 कटियाबाज पकड़े गये। जिन पर विद्युत उपखण्ड अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए भारी जुर्माना भी लगाया है।
आज विद्युत खण्ड द्वितीय के एसडीओ आशीष सिंह तथा अवर अभियंता दीपेश गुप्ता के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम ने बड़ी छापेमारी की कार्रवाई की। यह छापेमारी की कार्रवाई बिन्दकी नगर के मोहल्ला मुगलाही, लंका रोड, केवटरा तथा किराना गली में की गई। छापेमारी की कार्रवाई से विद्युत उपभोक्ताओं के बीच हड़कंप मचा रहा। छापेमारी की कार्यवाही के दौरान 22 लोग ऐसे मिले जो मीटर के पहले केबिल को काटकर दूसरा केबिल जोड़कर विद्युत चोरी कर रहे थे। ऐसे 22 लोगों के खिलाफ विद्युत विभाग द्वारा मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही भारी जुर्माना भी ठोका गया है।
छापेमारी की कार्रवाई कज बाबत एसडीओ विद्युत विभाग आशीष सिंह ने बताया कि यह छापेमारी की कार्रवाई लगातार प्रतिदिन जारी रहेगी जो लोग भी विद्युत चोरी करते पाए जाएंगे उनके खिलाफ विद्युत चोरी करने का मुकदमा दर्ज होगा और जुर्माना भी वसूल किया जायेगा।
इस मौके पर विद्युत विभाग के अवर अभियंता दीपेश गुप्ता, टीजी टू सुरेश चंद मौर्य, सुशील सैनी, विकास मौर्य धर्मेंद्र शर्मा, सर्वेश, राजू, नरेंद्र कुमार, विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।
देवेन्द्र
