Saturday, April 11, 2026
Homeराष्ट्रीयविदेश मंत्री की अमेरिकी यात्रा संपन्न, वैक्सीन व हिन्द-प्रशांत पर की चर्चा

विदेश मंत्री की अमेरिकी यात्रा संपन्न, वैक्सीन व हिन्द-प्रशांत पर की चर्चा

नई दिल्ली (हि.स.)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जो बाइडेन के अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी पहली अमेरिकी यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों से कोविड वैक्सीन व उसके कच्चे माल की आपूर्ति के साथ हिन्द-प्रशांत क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रीय व वैश्विक मामलों पर विचार-विमर्श किया। 
एस. जयशंकर ने शनिवार को बाइडेन प्रशासन के साथ हुई बातचीत के बारे में मीडिया को बताया कि वैक्सीन और इससे संबंधित कच्चे माल के संबंध में अमेरिका की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। इस संबंध में अमेरिकी अधिकारियों से हुई बातचीत पर विदेश मंत्री ने संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में उभर रहे चतुर्गुट (क्वाड) के बारे में कहा कि इस क्षेत्र में हमारे सामने अनेक चुनौतियां हैं। क्षेत्र में शांति और स्थायित्व को लेकर बहुत सी चिंतायें हैं। इनका समाधान कोई एक देश अपने बलबूते अथवा दो देश मिलकर नहीं कर सकते। बहुपक्षीय मंचों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया है। इस कमी को क्वाड के जरिए पूरा किया गया है, जिसमें कुछ देश समान विचार और हितों के आधार पर एक साथ आए हैं।
विदेश मंत्री ने क्वाड के किसी सैनिक या राजनीतिक गठबंधन की शक्ल लेने संबंधी प्रश्न के उत्तर में कहा कि इसे शीतयुद्ध वाले नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। कुछ लोग ऐसे हैं जो अभी भी शीतयुद्ध के नजरीये से घटनाक्रम का अवलोकन करते हैं।
जयशंकर ने अपनी मीडिया वार्ता में चीन का उल्लेख नहीं किया। दूसरी ओर अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार दोनों पक्षों ने भारत-चीन सैनिक संघर्ष व तनाव पर विचार-विमर्श किया।
जयशंकर अपनी अमेरिकी यात्रा के पहले चरण में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय  गए थे। जहां उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से विचार-विमर्श किया था। बाद में वे राजधानी वाशिंगटन डीसी आए, जहां अमेरिकी विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सलिवन आदि नेताओं से द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।  

RELATED ARTICLES

Most Popular