Saturday, April 4, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयविदेश मंत्रालय ने कनाडा के लिए भारतीयों को जारी किया परामर्श

विदेश मंत्रालय ने कनाडा के लिए भारतीयों को जारी किया परामर्श

नई दिल्ली (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कनाडा में रह रहे भारतीयों और वहां यात्रा व शिक्षा के लिए जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

विदेश मंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कनाडा में घृणा अपराधों, सांप्रदायिक हिंसा और भारत विरोधी गतिविधियों की घटनाओं में तेज वृद्धि हुई है। इसमें कहा गया है, “अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए, भारतीय नागरिकों और कनाडा में भारत के छात्रों और यात्रा व शिक्षा के लिए कनाडा जाने वालों को सलाह दी जाती है कि वे उचित सावधानी बरतें और सतर्क रहें।”

वक्तव्य में कहा गया है कि विदेश मंत्रालय और कनाडा में हमारे उच्चायोग व वाणिज्य दूतावास ने इन घटनाओं को कनाडा के अधिकारियों के साथ उठाया है और उनसे इनकी जांच करने और उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। हालांकि इन अपराधियों को कनाडा में अब तक न्याय के कटघरे में नहीं लाया गया है।

मंत्रालय ने कहा है कि कनाडा में भारतीय नागरिक और छात्र भी ओटावा में भारतीय उच्चायोग या टोरंटो और वैंकूवर में महावाणिज्य दूतावास के साथ अपनी संबंधित वेबसाइटों या मदद पोर्टल (madad.gov.in) के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण किसी भी आवश्यकता या आपात स्थिति की स्थिति में कनाडा में भारतीय नागरिकों के साथ बेहतर ढंग से जुड़ने के लिए उच्चायोग और महावाणिज्य दूतावास को सक्षम करेगा।

अनूप

RELATED ARTICLES

Most Popular