-प्रदेश में 22 जुलाई को लगाये जायेंगे 30 करोड़ पौधे
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को बिजनौर में विदुर कुटी एवं मुजफ्फरनगर में शुकतीर्थ से पौधरोपण अभियान का शुभारम्भ करेंगे। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना भी उपस्थित रहेंगे।
वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने वन मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पौधरोपण अभियान 2023 में प्रदेश का लक्ष्य 35 करोड़ है। समस्त विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से 22 जुलाई को एक दिन में 30 करोड़ पौधों का रोपण किया जायेगा। इसके बाद 15 अगस्त 2023 को स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर पांच करोड़ पौधे लगाये जायेंगे।
प्रदेश के सभी मंत्री नामित जनपद में प्रवास कर पौधरोपण में शामिल होकर कार्यक्रम का मार्गदर्शन करेंगे। शासन द्वारा अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों को आवंटित जनपद में पहुंच कर पौधरोपण अभियान का संचालन करने का निर्देष दिया गया है।
डॉ. अरुण सक्सेना ने बताया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में निर्वाचन की तरह इलेक्शन मोड में जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है। 22 जुलाई को आधे दिन सभी कार्यालय, सभी विद्यालय तथा अन्य संस्थाएं केवल पौधरोपण कार्य में सहयोग देंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा पौधरोपण किया जायेगा। स्कूलों में बच्चों को फलदार पौधे लगाने के लिए दिये जायेंगे।
बृजनन्दन/दिलीप
