विचित्र पहल ने की यमुना पुल पर जाली लगाने की मांग
औरैया (हि. स.)। विचित्र पहल द्वारा स्वच्छता अभियान व यमुना तट के सुंदरीकरण हेतु विगत 7 वर्षों से अनवरत अंत्येष्टि स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा हैं, जिसके अंतर्गत रविवार को अंत्येष्टि स्थलों पर 131 वें चरण का सफाई अभियान चलाया गया, समिति के सदस्यों ने सफाई यंत्रों के सहयोग से लगभग तीन कुंतल कचरा व अपशिष्ट एकत्रित कर उसे जलाया, उसके उपरांत यमुना तट पर स्थित राम झरोखा में आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि यमुना पुल पर ऊंची जाली न होने के कारण आए दिन यमुना पुल से यमुना में छलांग लगाकर लोग अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेते हैं। पारिवारिक विवादों, घर व विद्यालय में छोटी मोटी बातों से क्षुब्ध होकर कई छात्रों, कर्ज में डूबे लोग, गृह क्लेश व आर्थिक तंगी से जूझ रहे तमाम लोग अभी तक यमुना नदी में छलांग लगाकर मौत की नींद सो चुके हैं, जनहित को दृष्टिगत रखते हुए समिति द्वारा प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा लिखित रूप में विगत कई वर्षों से यमुना पुल पर दोनों ओर लगभग 8 फीट ऊंची जाली लगाने की मांग की जा रही है।
बैठक में यमुना पुल पर जाली लगाने की मांग पुनः जोर पकड़ने लगी है, जिससे अपनी जिंदगी की अहमियत न समझ कर जुनून में होने वाली घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा, जबकि यमुना पुल पर जाली न होने कारण तमाम लोग यमुना पुल से मृत पशुओं, लावारिस शवों, तमाम अपशिष्ट फेंक कर यमुना जल को निरंतर प्रदूषित कर रहे हैं, स्वच्छता अभियान के अंतर्गत यमुना पुल पर जाली लगने से यमुना जल प्रदूषित होने से बचेगा। समिति के संस्थापक ने बताया कि आगामी 7 अप्रैल नवरात्रि छठ गुरुवार को यमुना जयंती के पावन अवसर पर प्रातः 7 बजे यमुना तट, औरैया पर यमुना मैया की दिव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समिति द्वारा आयोजित धार्मिक आयोजन यमुना आरती में नगरवासियों से सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की हैं।
अभियान व बैठक में प्रमुख रूप से मनीष पुरवार (हीरु), अनूप बिश्नोई रमेश प्रजापति (हेलमेट बाबा), रानू पोरवाल, अर्पित गुप्ता, शिक्षक शिवम गुप्ता, अजय पोरवाल, रोहन पुरवार, रजत बिश्नोई, अभय राज, यश गुप्ता, मयूर लक्ष्यकार, सतीश पोरवाल, रज्जन बाल्मीक आदि यमुना मैया के सेवादार मौजूद रहे।
सुनील
