– जनपद में 148.85 करोड़ की 186 परियोजनाओं का किया लोकापर्ण व शिलान्यास
बाराबंकी (हि. स.)। मुख्यंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को जीआइसी आडीटोरियम पहुंचे। यहां पर उन्होंने 148.84 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 186 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जिसमें रामनगर, नवाबगंज, कुर्सी क्षेत्र की परियोजनाएं शामिल हैं। 148.84 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 186 विकास परियोजनाओं के अलावा 340 करोड़ की लागत से ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड की बिस्किट और बेकरी उत्पाद इकाई के निर्माण कार्य को भी मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के किसानों से ही गेहूं, मैदा और चीनी जैसी चीजें ली जाएंगी। ब्रिटानिया की इकाई लगने से यहां के किसानों सीधा लाभ मिलेगा। जनपद के लोगों को रोजगार मिलेगा। सीएम योगी ने कहा कि प्रधनमंत्री मोदी और भाजपा ने सरकार बनाने से पहले जो भी वादे किए थे वह सब पूरे किये जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाराबंकी से राम की नगरी की शुरुआत हो जाती है। रामसरन वर्मा जैसे जिले के कई प्रगतिशील किसानों ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि बाराबंकी के सांसद और सभी विधायक मेहनत करते हैं, तब जाकर यहां हर क्षेत्र में विकास की बयार बही है। हमारी सरकार में बाराबंकी जिले का और ज्यादा विकास होगा, जिससे यहां के लोगों को बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
साढ़े चार लाख लोगों को मिली नौकरी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का माहौल जरूरी है। अभी तक कि सरकारों में ईमानदारी, इच्छा शक्ति और सच्चाई की कमी थी, इसलिए प्रदेश का विकास रुका था। अब हमारी सरकार में यहां बाहरी कंपनियों ने निवेश किया है। हमारी सरकार के साढ़े चार के कार्यकाल के दौरान साढ़े चार लाख लोगों को नौकरी मिली है। कोरोना महामारी के दौरान हम लोगों ने मिलकर काम किया और आज महामारी पूरी तरह से खत्म होने की ओर है। अगर सपा-बसपा या कांग्रेस की सरकार होती तो महामारी पर लगाम नहीं लग सकती थी। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम लोगों ने कोरोना महामारी को लगभग पूरी तरह से खत्म कर दिया है।
हमारी सरकार में धूमधाम से मनी जन्माष्टमी
मुख्यमंत्री योगी ने सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों के दौरान लोधेश्वर महादेवा मेला श्रद्धालु आते और रास्ते में अगर डीजे बजा देते थे तो उन पर लाठी चार्ज हो जाती थी। आज भाजपा की सरकार में कावड़िए डीजे बजाते हुए लोधेश्वर महादेवा आते हैं और भगवान भोलेनाथ का दर्शन करते हैं। हमारी सरकार श्रद्धालुओं को सुरक्षा प्रदान करने का काम करती है। पिछली सरकार में तो जन्माष्टमी के आयोजन पर भी रोक लगा दी गई थी, लेकिन हमारी सरकार ने जन्माष्टमी के आयोजन को धूमधाम से कराया है।
योगी सरकार में खत्म हुआ भ्रष्टाचार- स्वतंत्र देव
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। योगी आदित्यनाथ ने वनटांगिया समेत तमाम आदिवासियों को प्रदेश में पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में सैफई खानदान ने प्रदेश को लूटा है। सपा के वंशवाद ने प्रदेश को पीछे करने का काम किया है। कहा कि योगी सरकार में किसी की हिम्मत नहीं है कि वह सड़क चलते लड़कियों को छेड़ दे या कहीं भी कोई आपराधिक दुस्साहस कर सके।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले तार नहीं बिजली के बिल में करंट आता था। अब किसान बिजली की रोशनी में भोजन कर रहा है। भाजपा सरकार में गुंडे या तो जेल में हैं या फिर जमीन में गाड़ दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की ओर से 340 करोड़ की लागत से ब्रिटानिया की फैक्ट्री का शुभारंभ हुआ है। इससे जनपद के लोगों को रोजगार मिलेगा और विकास में योगदान होगा।
