Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविकास हमारे सरकार की प्राथमिकता और गुंडों का अंत हमारा संकल्प :...

विकास हमारे सरकार की प्राथमिकता और गुंडों का अंत हमारा संकल्प : उप मुख्यमंत्री

– मोदी सरकार में दलालों एवं भ्रष्टाचारियों की दुकाने बंद हुई

प्रयागराज(हि.स.)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को शहर पश्चिमी में 28421.46 लाख की लागत से बनने वाले चार लेन ऊपरिगामी सेतु एवं फ्लाईओवर का शिलान्यास व भूमि पूजन पूरे विधि-विधान से किया। उन्होंने कहा कि विकास हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है और गुंडाराज का अंत हमारा संकल्प।

आज सिर्फ प्रयागराज ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में विकास की धारा बह रही है। आज प्रयागराज और कौशाम्बी पर्यटन की दृष्टि से विकसित हो रहे हैं। जिससे आने वाले समय में रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आज दलालों और भ्रष्टाचारियों की दुकानें बंद कर दी। क्योंकि अब सभी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है। कहा कि हमारा नारा सबका साथ सबका विकास है, परंतु कांग्रेस का नारा कुछ का साथ कुछ का विकास, सपा का नारा कुछ का साथ गुंडों का विकास, और बसपा का नारा कुछ का साथ दलालों और भ्रष्टाचारियों का विकास है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कभी शहर पश्चिमी विधानसभा के क्षेत्र में गुंडों का राज हुआ करता था, आज भाजपा सरकार में सारे के सारे गुंडे जेल में है और शहर पश्चिमी में विकास की धारा बह रही है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग मोदी से लड़ रहे हैं और मोदी और योगी सरकार जनता के लिए और जनता के हितों के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा के चुनाव में 100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है और बंटवारे में भी हमारा है। क्योंकि मोदी जनता के दिल में है और मोदी के दिल में जनता जनार्दन है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में चल रहे विकास कार्यों को लेकर उपस्थित लोगों को अब तक की जानकारियां दी। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने आए हुए सभी लोगों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद केसरी देवी पटेल, कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, विधायक संजय गुप्ता, लाल बहादुर, विक्रमाजीत मौर्य, अजय कुमार भारती, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत सदस्य डॉ वीके सिंह, महापौर अभिलाषा गुप्ता, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, अवधेश चंद्र गुप्ता, कमलेश गौतम, वरुण केसरवानी, राजेश केसरवानी एवं क्षेत्र के सभी भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular