Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविकास के आगे मुद्दाविहीन विपक्ष झूठ के सहारे लोगों को भड़काने की...

विकास के आगे मुद्दाविहीन विपक्ष झूठ के सहारे लोगों को भड़काने की कर रहा कोशिश : भाजपा

-भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने बिना नाम लिए सपा, बसपा व कांग्रेस पर किया प्रहार

लखनऊ (हि.स.)। विपक्ष मुद्दा विहीन हो गया है। इस कारण वह झूठ के सहारे लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहा है लेकिन उसकी यह चाल भी कामयाब नहीं हो सकती। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जनहित के मुद्दों पर काम कर रहे हैं। योजनाओं का लागू करने से पूर्व उसमें पारदर्शिता बनी रहने के लिए कार्य किया जाता है, जिससे हर योजना का लाभ लाभार्थी तक पहुंचे। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने शनिवार को कही।
उन्होंने कहा कि जो पार्टी हमेशा अराजकता के लिए जानी जाती है, आज वह अराजकता का मुद्दा उठा रही है। उसी के लोग आमजन में अराजकता फैलाने की भी कोशिश करते हैं। ऊपर से यहां हो हल्ला मचाते हैं। उनकी सबसे बड़ी चिंता इसी बात की है कि उनकी पार्टी के बहुतेरे अराजक जेल की सलाखों के पीछे हैं। यही कारण है कि वे अराजकता फैलाने में भी कामयाब नहीं हो पा रहे, जिससे झूठे प्रचार का सहारा ले रहे हैं।
मनीष शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में अमन-शांति व विकास ही विपक्ष का सबसे बड़ा दर्द है। वे किसी तरह यहां की अमन-शांति को खराब करने का माहौल बनाना चाहते हैं लेकिन कामयाब नहीं होंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जो कभी हिन्दू देवी-देवताओं का नाम लेने में घबराता था। चुनाव के समय किसी एक समुदाय के तुष्टीकरण के लिए कभी टोपी पहन लेता तो कभी कुछ नया ढोंग करता, आज वह कृष्ण और परशुराम का मंदिर बनाने के लिए कह रहा है। यह सब जनता जानती है। वह देख रही है कि कैसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले किस तरह से धोखा दे रहे हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा कभी तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती। भाजपा ने किसान, धुनिया, कालीन उद्योग, गरीब वर्ग सबके विकास के लिए काम किया है। विकास के काम में कोई भेदभाव नहीं किया गया। हर वर्ग के लोगों के विकास के लिए केन्द्र व राज्य की सरकार काम कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular