Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविकसित देशों में सेनेटरी पैड पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मददगार

विकसित देशों में सेनेटरी पैड पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मददगार

-एक महिला के जीवन काल में निकलता है दो ट्रक सेनेटरी पैड का कचरा

वाराणसी (हि.स.)। विश्व माहवारी दिवस पर शनिवार को जिले में विभिन्न संगठनों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं में यूनिक सेनेटरी पैड वितरण के बाद जागरूकता रैली भी निकाली गईं। जागरूकता कार्यक्रम में ‘माहवारी पर चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ो का महिलाओं और किशोरियों को संदेश दिया गया।

इसी क्रम में रोटरी क्लब वाराणसी ईस्ट तथा काशी रक्तदान नेत्रदान कुटुंब के संयुक्त तत्वावधान में चौकाघाट ढेलवरिया स्थित नवयुग विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में यहां पढ़ने वाली 84 छात्राओं को यूनिक सेनेटरी पैड दिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.संदीप चौधरी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज के युग में यह पैड एक क्रांति है। विकसित देशों में ये पैड पर्यावरण सरक्षंण में भी मददगार है।

अन्य वक्ताओं ने कहा कि एक महिला के जीवन काल में 2 ट्रक सेनेटरी पैड कचरा निकलता है। अब रियूज्ड सेनेटरी पैड से इस कचरे से निजात मिलेगी। कार्यक्रम में कालेज के प्रधानाचार्य ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का स्वागत किया। संचालन कार्यक्रम संयोजक राजेश कुमार गुप्ता,अध्यक्षता प्रभाकर जायसवाल ने की।

कार्यक्रम में रोटेरियन सी.के.गांगुली, रत्ना बागची,श्यामली दासगुप्ता,कंचन भट्टाचार्य, विपिन शंकर गुप्ता,असीम घोष आदि ने भी भागीदारी की। विश्व माहवारी दिवस पर सांसद आदर्श गांव नागेपुर में महिलाओं ने लोक समिति व रेड क्लिफ लैब के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता रैली निकाली। गांव के अम्बेडकर पार्क से निकली रैली गांव की अलग-अलग बस्तियों में गयी।

रैली में शामिल महिलाएं व लड़कियां ‘माहवारी पर चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ो, ‘मां बनने पर गर्व है फिर माहवारी पर क्यों शर्म,’पीरियड का खून नहीं तुम्हारी सोच गंदी है, जैसे नारे भी लगाये। रैली के बाद लोक समिति आश्रम नागेपुर में माहवारी स्वच्छता पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्घाटन के आईटी से डॉ आशुतोष मिश्रा, डॉ गौरव सिन्हा, सीएसई से डॉ मनोज कुमार, चंदन मिश्रा रेड क्लिफ ने संयुक्त रूप से किया। कार्यशाला में माहवारी को लेकर भ्रांतियों और संकोच को छोड़ने पर चर्चा हुई।

रेड क्लिफ लैब के प्रोजेक्ट मैनेजर चन्दन मिश्रा ने कहा कि माहवारी एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। इसको लेकर महिला या किशोरियों को अपवित्र मानने और धार्मिक अनुष्ठानों से दूर रखने की समाज की अवधारणा को बदलने की आवश्यकता है। इस दौरान लड़कियों और महिलाओं को मुफ्त सेनेटरी पैड वितरित किया गया। समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि बीते एक महीने से आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लाक के 70 गांव में माहवारी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular