मीरजापुर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के गौरव के रूप में काशी विश्वनाथ धाम बनकर तैयार हो चुका है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है तो मीरजापुर कैसे पीछे रह सकता था।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यहां भी मां विंध्यवासिनी धाम में भव्य काॅरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। जगविख्यात विंध्यवासिनी धाम अब काफी बदल चुका है। जल्द ही विंध्यधाम का नया स्वरूप देश-दुनिया के सामने होगा। इससे मीरजापुर की नई पहचान होगी ही। विश्व भर से आने वाले श्रद्धालु भी आकर्षित होंगे। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से रोजगार के अवसर पर भी बढ़ेंगे और तरक्की के द्वार खुलेंगे।
जनसमूह देख योगी गदगद
विंध्य धरा पर कोई आए और मां विंध्यवासिनी के आशीर्वाद के बगैर जाए, ऐसा हो नहीं सकता। दारिद्र दुःख हारिणी, सदा विभूति कारिणी। वियोग शोक हारिणी, भजामि विंध्यवासिनी। मां विंध्यवासिनी की जय, भारत माता की जय, वंदे मातरम के साथ मुख्यमंत्री ने सभा की शुरुआत की। कड़ी धूप के बीच जनसमूह देख योगी गदगद दिखे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केन्द्र और राज्य की सरकार काम कर रही है, उसी प्रकार से स्थानीय स्तर पर काम हो, इसके लिए निकायों में भी भाजपा की सरकार जरूरी है।
कमलेश्वर शरण
