Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेश विंध्य कारिडोर की तर्ज पर गड़बड़ा धाम का हो सौंदर्यीकरण

 विंध्य कारिडोर की तर्ज पर गड़बड़ा धाम का हो सौंदर्यीकरण

– मेला परिसर के लिए सुरक्षित हो पांच बीघा भूमि

मीरजापुर(हि.स.)। विंध्य कारिडोर की तर्ज पर अब हलिया क्षेत्र के प्राचीन शीतला मंदिर गड़बड़ा धाम का भी सौंदर्यीकरण करने की मांग उठने लगी है। साथ ही दर्शनार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत पांच बीघा भूमि सुरक्षित करने की मांग को लेकर ग्राम प्रधानों ने शनिवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को पत्र सौंपा।

ग्राम प्रधानों ने बताया कि प्राचीन शीतला माता के मंदिर परिसर ग्राम गड़बड़ा राजा में चकबंदी प्रक्रिया के दौरान पांच बीघा भूमि मेला परिसर के लिए सुरक्षित किया जाए। शीतला माता के मंदिर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में दर्शनार्थियों का आगमन होता है। वर्ष में चार महापर्व पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। मेला परिक्षेत्र के लिए भूमि सुरक्षित न होने से वाहन स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। इससे आसपास के जनपदों व पडोसी राज्य से आए श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरुण मिश्रा, विजेंद्र पांडेय, बावनदास, जीतेंद्र सिंह, गुलाब पटेल, भूपेंद्र सिंह, मारकंडेय मौर्य, पवन त्रिपाठी ने कहा कि आस्था केंद्र गड़बड़ा धाम का भी विंध्य कारिडोर की तर्ज पर सौंदर्यीकरण होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा ही, सुविधाएं बढ़ने से रोजगार भी बढ़ेंगे।

गिरजा शंकर/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular