– उपमुख्यमंत्री ने धान की गुणवत्ता को परखा, किसानों के भुगतान के बारे में ली जानकारी
मीरजापुर(हि.स.)। जनपद के विकास की रफ्तार और योजनाओं का सही लाभ जनता को मिल रहा है कि नहीं, इसका आकलन करने मंगलवार को राजगढ़ ब्लाक के साधन सहकारी समिति ददरा हिनौता पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मैं विंध्याचल मंडल में सरकार की योजनाओं को लागू कर इस मंडल को प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाना चाहता हूं। मेरा ध्यान इस समय प्रदेश के गांव-गरीब का विकास हो, योगी-मोदी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जनता तक शत-प्रतिशत पहुंचे, इस समय मैं उस पर काम कर रहा हूं।
क्रय केंद्र पर तौले जा रहे किसान के धान को हाथ में लेकर उसकी गुणवत्ता परखी और सचिव से उसके भुगतान के बारे में पूछा। सचिव ने तीन दिन के अंदर भुगतान करने की बात कही। उसके बाद एक उन्होंने बोरी को उठाकर स्वयं कांटे पर रखा जो वजन में 200 ग्राम कम बता रही थी। इसी प्रकार दूसरी बोरी को भी रखा तो वह भी कम थी। तीसरी बोरी रखी जिसका वजन सही मिला। उन्होंने कहा कि कांटे को सही रखा जाए। इसके बाद उन्होंने खाद के गोदाम का निरीक्षण किया। वहां बोतल में रखे तरल पदार्थ को देखकर पूछा तो सचिव ने बताया कि यह नैनो यूरिया है। यह कितने खेत के लिए है तो सचिव ने कहा कि यह एक एकड़ खेत के लिए है और इसका मूल्य 200 रुपये है। इसके बाद उन्होंने गौ-आश्रय स्थल, प्राथमिक विद्यालय आदि का निरीक्षण किया। जांच के दौरान उपमुख्यमंत्री संतुष्ट नजर आए। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक रमाशंकर सिंह, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र और एडीएम शिवप्रताप शुक्ल के अलावा सहकारिता विभाग से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे।
सितंबर से चले क्लास, विद्यालय हों लकदक
विकास खण्ड पटेहरा स्थित 10 करोड़ की लागत से 2016 से लम्बित आई स्पर्श इंटर काॅलेज हाॅस्टलयुक्त दीपनगर के विद्यालय की भाग्य उपमुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद खुलता नजर आ रहा। उपमुख्यमंत्री को जब जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 2016 से विद्यालय का निर्माण हो रहा है तो कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी प्रगट करते हुए ब्रजेश पाठक ने निर्माण में लगी इकाई पैकफेड के प्रोजेक्ट मैनेजर रंजीत सिंह को हर हाल में सितंबर से पूर्व विद्यालय को लकदक कर हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
दिवंगत विधायक राहुल को दी श्रद्धांजलि
दिवंगत छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल के घर पहुंच उपमुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। सांसद सोनभद्र पकौड़ीलाल कोल, पुत्र सम्राट सिंह, पुत्री अंशिका व आस्था के साथ दिवंगत राहुल की पत्नी को सहयोग करने का भरोषा दिलाया। राहुल द्वारा प्रस्तावित सभी योजनाओं को पूर्ण कराने में मदद करने की बात कही।
जब टीबी के मरीज के पास जा बैठे डिप्टी सीएम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ के निरीक्षण में जहां स्वास्थ्य महकमा कांपता रहा था, वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पिपरांव गांव निवासी गामा मौर्य के पास जाकर सीधे बैठ गये और तत्काल दवा दिलाते हुए तुरंत गोद लेने के लिए डीएम को निर्देशित भी किया। वहीं घंटे भर से बाहर बैठे मरीज को दवा न देने पर लैब टैक्नीशियन को फटकार लगाई और कहा कि ऐसे मरीजों को तत्काल वरीयता देते हुए दवाएं उपलब्ध कराएं।
गिरजा शंकर
