Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविंध्याचल मंडल को जल्द मिलेगी राज्य विश्वविद्यालय की सौगात

विंध्याचल मंडल को जल्द मिलेगी राज्य विश्वविद्यालय की सौगात

– सदर तहसील क्षेत्र के बभनदेवा गांव में 50 एकड़ भूमि उपलब्ध

– मंडलायुक्त व डीएम ने राजस्व कर्मियों के साथ किया भूमि का परीक्षण

– विंध्याचल मंडल के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर

मीरजापुर(हि.स.)। विंध्याचल मंडल को जल्द ही राज्य विश्वविद्यालय की सौगात मिलेगी। इसके लिए सदर तहसील अंतर्गत बभनदेवा गांव में भूमि चिन्हित कर लिया गया है। 25 अप्रैल को शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। सालों से विंध्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग चली आ रही थी। राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना होने से विंध्याचल मंडल के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

विंध्याचल में मेडिकल काॅलेज का लोकार्पण पिछले साल ही हुआ था, जहां मेडिकल की पढ़ाई के साथ इलाज भी शुरू हो चुका है।मंडलायुक्त योगेश्वरराम मिश्र, जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने शुक्रवार को एसडीएम सदर चंद्रभान सिंह व राजस्व कर्मियों के साथ तहसील सदर अंतर्गत बभनदेवा गांव पहुंचकर भूमि का परीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए बभनदेवा गांव में लगभग 50 एकड़ से अधिक भूमि उपलब्ध है। मंडलायुक्त ने एसडीएम को भूमि की पैमाइश व अन्य कार्यवाही तत्काल पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उत्तर प्रदेश शासन ने विंध्याचल मंडल में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए ग्रामीण क्षेत्र में न्यूनतम 50 एकड़ व नगरीय क्षेत्र में न्यूनतम 20 एकड़ उपयुक्त भूमि का प्रबंध कराकर 25 अप्रैल तक अवगत कराने निर्देश दिया था। शासन के निर्देश पर बभनदेवा गांव में भूमि का परीक्षण किया गया।

25 अप्रैल तक शासन को भेजनी है रिपोर्ट

योगी सरकार 2.0 के गठन के बाद शासन ने विंध्याचल मंडल में राज्य विश्वविद्यालय खोलने का फैसला लिया है। इसके तहत सयुंक्त सचिव उत्तर प्रदेश सरकार सर्वेश कुमार सिंह ने 14 अप्रैल को विंध्याचल मंडल के कमिश्नर योगेश्वरराम मिश्रा को भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। इसकी रिपोर्ट कमिश्नर को 25 अप्रैल तक शासन को भेजनी है।

110 बीघा बंजर भूमि उपलब्ध

हलिया ब्लाॅक के प्रधान संघ अध्यक्ष शिवबाबू सेठ ने शुक्रवार को मंडलायुक्त व जिलाधिकारी को पत्रक देकर हलिया में विंध्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की। बताया कि ग्राम पंचायत हलिया में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 110 बीघा बंजर भूमि उपलब्ध है। बंजर भूमि मौजूदा समय में खाली व निष्प्रयोज्य पड़ी है। हलिया ग्राम पंचायत में विंध्य विश्वविद्यालय की स्थापना हो जाने से बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

राजकीय पीजी काॅलेज को मिले राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा

उपरौध अधिवक्ता समिति लालगंज के अध्यक्ष अरुण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने राजकीय पीजी काॅलेज लालगंज को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता समिति के पूर्व अध्यक्ष केदारनाथ शुक्ला ने बताया कि लालगंज राजकीय पीजी काॅलेज को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से जिले का विकास होगा और राजमार्ग सात पर स्थित होने के कारण आवागमन की सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ अधिवक्ता कैलाशपति ने कहा कि क्षेत्र में समुचित जमीन उपलब्ध है। वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि राजकीय पीजी काॅलेज लालगंज को राज्य विश्वविद्यालय बनाए जाने की मांग स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. राम खेलावन मौर्य लंबे समय से कर रहे थे।

गिरजा शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular