Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाहन चेकिंग में मिले साढ़े चार लाख रूपये एसएसटी ने अपने पास...

वाहन चेकिंग में मिले साढ़े चार लाख रूपये एसएसटी ने अपने पास रखा

टीम में शामिल पुलिस कर्मी निलंबित, मुकदमा दर्ज कर जांच बैठा दी गई

वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश विधानसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन कराने के लिए गठित स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) के सदस्यों ने वाहन चेकिंग के दौरान भदोही के व्यापारी से साढ़े चार लाख रुपया ज़ब्त कर धनराशि को अपने पास रख लिया। मामला गरमाते ही टीम को निलम्बित कर बुधवार को उनके खिलाफ मुकदमा कर जांच बैठा दी गई । एडीएम व एडिशनल एसपी पूरे मामले की जाँच करेंगे।

जंसा कतवारूपुर के पास सेवापुरी विधानसभा की स्टैटिक सर्विलांस टीम, मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में बीते 7 फरवरी को पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आनन्द नगर, अहमदगंज, जनपद भदोही निवासी वीर चौरसिया पुत्र रमेशचन्द चौरसिया अपने मित्र उमेश यादव के साथ मोटर साइकिल से सेवापुरी की ओर आ रहे थे। एसएसटी टीम ने उनको रोकर जाँच पड़ताल किया तो बैग से 8.5 लाख रूपया प्राप्त हुआ । जाँच व पूछताछ के दौरान व्यापारी द्वारा 4.5 लाख रूपये के सम्बन्ध में संतोषजनक जवाब न देने पर एसएसटी टीम ने 4.5 लाख रूपये इनकम टैक्स में जमा कराने के लिए अपने कब्जे में ले लिया ।

टीम ने व्यापारी को बताया कि इनकम टैक्स विभाग में उचित जवाब देकर अपना रूपया वापस करा लेना । व्यापारी को 08 फरवरी तक इनकम टैक्स विभाग से कोई सूचना नही मिली तो उसने घटना के संबंध में जंसा थानाध्यक्ष को सूचित किया। चुनाव से जुड़ी एसएसटी का मामला होने के कारण थानाध्यक्ष ने तत्काल जिला मजिस्ट्रेट और वाराणसी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को इसकी सूचना दी। इस पर एडीएम और एडिशनल एसपी की संयुक्त जांच टीम गठित की गई।

इस मामले में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में सामने आया कि एसएसटी टीम ने व्यापारी से 4.5 लाख रुपए कब्जे में लिए गए थे। नियमानुसार सीजर की कार्रवाई करते हुए उस पैसे को इनकम टैक्स विभाग में जमा कराना था। टीम ने ये पैसा अपने पास ही रख लिया । इसलिए घटना के संबंध में थाना जंसा में टीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। टीम में शामिल पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच कराई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी गई है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular