Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाहन के पहिये के नीचे आने से चालक की मौत, भड़के नगर...

वाहन के पहिये के नीचे आने से चालक की मौत, भड़के नगर निगम के वाहन चालक

गाजियाबाद(हि.स.)। नगर निगम के एक वाहन चालक की शुक्रवार की देर रात में पहिये के नीचे आने से मौत हो गयी। इस हादसे के बाद अन्य वाहन चालक भड़क उठे और प्रदर्शन किया। बाद में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश अस्पताल पहुंचे, तब कर्मचारी शांत हुए।

शैलेश कुमार शुक्रवार की देर रात अपने ही वाहन के नीचे उसकी लाइट ठीक कर रहा था। तभी अचानक मशीन चल पड़ी और वह पहिए के नीचे आ गया । अन्य कर्मचारी उसे मरियम हॉस्पिटल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर नगर निगम कर्मचारी संघ महामंत्री सलीम अब्बासी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की सूचना देने के लिए कई अफसरों को फोन किया लेकिन किसी का फोन नहीं उठा। तब मौके पर अनेक कर्मचारी एकत्र हुए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसके कुछ देर बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और थोड़ी ही देर में लौट गए। सलीम ने बताया कि शैलेश सीएलसी नामक निजी कंपनी का ठेका कर्मचारी था और नगर निगम के लिए काम कर रहा था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं और उसकी मौत से उसका परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच गया। अधिकारियों से मांग कि गयी है कि शैलेश के परिजन को उचित मुआवजा दिलाएं। साथ ही चेतावनी दी गयी कि ऐसा नहीं होने पर नगर निगम के तमाम वाहन चालक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular