Friday, April 3, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडावाहनों से डीजल चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार

वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार


490 लीटर चोरी का डीजल, फर्जी नम्बर प्लेट लगी स्कार्पियो व अवैध असलहे बरामद
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। थाना कोतवाली नगर पुलिस तथा स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) के एक संयुक्त अभियान में गुरुवार को तीन शातिर पेशेवर डीजल चोरां को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त किए जा रहे दो चारपहिया वाहन, सात प्लास्टिक के जरीकैन, एक प्लास्टिक के ड्रम में 490 लीटर चोरी का डीजल, 02 अदद अवैध तमंचा व कारतूस तथा चोरी में प्रयुक्त किए जाने वाले अन्य सहायक उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने आज पत्रकारों को बताया कि थाना कोतवाली नगर की पुलिस व एसओजी की टीम ने आज एक संयुक्त अभियान में डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों राजेश तिवारी पुत्र मिश्री लाल तिवारी व सोनू तिवारी पुत्र ननकऊ तिवारी निवासी गण ग्राम ठाकुर पुरवा खोरहंसा थाना कोतवाली देहात तथा माता दीन दीक्षित पुत्र राम सजन दीक्षित निवासी दीक्षित पुरवा भगहरिया दुबहा बाजार थाना कौड़िया को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त किए जा रहे फर्जी नम्बर प्लेट लगी एक स्कार्पियो व एक जायलो कार, सात प्लास्टिक के जरीकैन, एक प्लास्टिक के ड्रम में 490 लीटर चोरी का डीजल, 02 अदद अवैध तमंचा व तीन अदद जीवित कारतूस, दो अदद पेचकश, एक अदद कटर, एक अदद पाना, एक अदद रिंच, दो अदद प्लास्टिक के पाइप व एक अदद तेल निकालने के मशीन मय पाइप बरामद हुए हैं। एसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग राजमार्ग के किनारे ढाबों के पास खड़े बड़े वाहनों की टंकी का ठक्कन पेंचकश, रिंच आदि की मदद से तोड़ कर छोटे जरीकैन में पाइप की मदद से डीजल निकाल लेते हैं तथा साथ में चलने वाली स्कार्पियो व जायलो गाडी में रखे ड्रम में इक्कठा करते रहते हैं। गाडी में कूटरचित नम्बर प्लेट इसलिए लगाते हैं कि यदि कोई ाडी नम्बर नोट भी कर ले तो वे पकड़े न जा सकें। एसपी ने बताया कि चोरी के डीजल को दूरदराज ले जाकर कम मूल्य में बेच देते हैं तथा मिलने वाले पैसे को आपस में बांट लेते हैं। अपनी सुरक्षा तथा वक्त जरूरत पर किसी को डराने धमकाने के लिए अपने पास अवैध असलहा भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी की जा रही है। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इनके द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई सम्पत्ति की कुर्की भी की जाएगी। अभियुक्तों के विरुद्ध चोरी की माल बरामदगी, धोखाधड़ी, कूटरचना, शस्त्र अधिनियम आदि की धाराओं में अभियोग दर्ज कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार कर्ता टीम में प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह मय टीम तथा एसओजी प्रभारी सुनील कुमार सिंह मय टीम शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular