-मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल में जुटे कर्मी लंबित मांगों को लेकर मुखर
वाराणसी(हि.स.)। विभिन्न लम्बित कर्मचारी समस्याओं एवं स्थानांतरण नीति के विरोध में शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिव प्रसाद गुप्त अस्पताल परिसर में जमकर धरना प्रदर्शन किया।
चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर एवं सम्बद्ध प्रान्तीय संघों के दिशा निर्देश के क्रम में जुटे कर्मचारियों ने सुबह आठ से पूर्वाह्न दस बजे तक दो घंटे कार्य बहिष्कार कर धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर मुखर रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की पूर्व में लम्बित मांगों से ध्यान भटकाने, कर्मचारी संगठनों की शक्ति कमजोर करने की साजिश हो रही है। कर्मचारी नेताओं ने निर्गत स्थानांतरण नीति को पूरी तरह से कल्याणकारी शासन के नीतियों का उल्लंघन और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कर्मचारियों के मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक उत्पीड़न के मंशा का विरोध करते हुए कर्मचारी नेतृत्व ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी कि संगठनों की लोकतांत्रिक शक्ति को कुचलने से बाज आयें। अन्यथा वृहद आन्दोलन से जनता-जनार्दन को होने वाली असुविधा एवं परेशानियों की समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रान्तीय महासचिव राजकीय आप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन यूपी अनुराग मिश्र और संचालन प्रान्तीय अध्यक्ष चिकित्सा एंव स्वास्थ्य कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन यूपी, मंडल मंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद डॉ. आर के सिंह ने किया। धरना प्रदर्शन में डॉ. जेके सिंह, डॉ. जेएस उपाध्याय, डॉ. घनश्याम सिंह, डॉ. अरूण मौर्य, सुधा सिंह, रीता यादव, सुनीता, शर्मिला, सुनीता शर्मा आदि शामिल रहे।
श्रीधर/राजेश
