वाराणसी (हि.स.)। जैतपुरा पुलिस ने बुधवार को लापता चार वर्षीय बालिका को महज कुछ ही घंटों में मशक्कत के बाद खोज निकाला। बेटी को पाकर माता—पिता खुशी से रो पड़े। परिजनों ने पुलिस कर्मियों को दुआएं देकर आभार भी जताया। सोशल मीडिया में भी पुलिस को इस कार्य के लिए सराहना मिलती रही।
बकरियाकुंड निवासी मुन्ना की चार वर्षीय पुत्री परिजनों के साथ चौकाघाट कबाड़ मार्केट की ओर से शहर आ रही थी। इसी दौरान अचानक बालिका गायब हो गई। यह देख परिजन बदहवास हो गये। उन्होंने बच्ची को आसपास काफी खोजा, नहीं मिलने पर परिजन चौकाघाट पुलिस चौकी पहुंचे और प्रभारी को बच्ची के गायब होने की जानकारी दी। चौकी इंचार्ज ने त्वरित पहल कर फैंटम दस्ते के साथ पुलिस कर्मियों को बच्ची के खोजबीन के लिए भेज दिया। कबाड़ मंडी से अलईपुर रेलवे सिटी स्टेशन तक पुलिस कर्मियों ने बच्ची को ढूढ़ना शुरू कर दिया। स्टेशन के समीप बच्ची को रोते बिलखते देख पुलिस कर्मी उसके पास पहुंचे और उसे गोद में उठाकर चौकी ले आये और बच्ची के परिजनों को वहां बुलाया। चौकी पर परिजनों के आते ही बच्ची को उन्हें सौंप दिया। बच्ची को देखते ही बदहवास परिजनों की खुशी देखते ही बन रही थी। बच्ची के पिता ने पुलिस कर्मियों का आभार जताया।
