वाराणसी (हि.स.)। धर्म नगरी काशी में सावन मास के तीसरे सोमवार पर विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ के पदाधिकारियों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। परम्परा का निर्वहन करने के लिए संगठन से जुड़े व्यापारी प्रातः 09 बजे दशाश्वमेध स्थित चितरंजन पार्क के समीप जुटे।
श्री अन्नपूर्णा मठ मन्दिर के महंत शंकरपुरी और बिहारीपुरी मठ के महंत जयकिशन पुरी के अगुवाई में व्यापारी कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए कलश यात्रा में शामिल हुए। ॐ नमः शिवाय,हर-हर बम-बम का जयघोष करते हुए व्यापारी और संत डेड़सी पुल के रास्ते विश्वनाथ गली होते हुए गेट नम्बर एक से मंदिर पहुंचे । कोरोना संक्रमण को देखते हुए व्यापारी संगठन के केवल पांच सदस्यों ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इसमें व्यवसायी संघ के संरक्षक स्वामी जयकिशन पुरी, अध्यक्ष मुन्ना रस्तोगी,महामंत्री रमेश तिवारी, उपाध्यक्ष पवन शुक्ला, मंत्री राजू बाजोरिया शामिल रहे। व्यापारी नेताओं ने माता अन्नपूर्णा , ढुंढिराज गणेश का दर्शन करते हुए साक्षी विनायक गणेश मंदिर का दर्शन कर यात्रा को विराम दिया। खास बात यह रही कि व्यापारी नेताओं ने कोरोना प्रोटोकाल का पूरा पालन किया।
बताते चले, प्रति वर्ष सावन के तीसरे सोमवार को विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ के बैनर तले गली के सैकड़ों व्यापारी शोभायात्रा निकालकर बाबा विश्वनाथ के मंदिर पहुंचकर उनका अभिषेक करते रहे हैं। किन्तु गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए केवल पांच व्यापारी सदस्यों ने मंदिर में बाबा का अभिषेक किया।
