वाराणसी (हि.स.)। धर्म नगरी वाराणसी में रविवार को मसीही समुदाय ने पाम संडे (खजूर इतवार) मनाया। नगर के सभी गिरजाघरों, चर्च में समुदाय के लोगों ने कोरोना महामारी को देखते हुए विशेष गीत व प्रार्थना में सादगी के साथ भाग लिया। विशेष आराधना के बाद समुदाय ने प्रभु ईसा मसीह से वैश्विक महामारी कोरोना से निजात दिलाने और पूरे दुनिया में सुख-शांति के लिए गुहार लगाई।
प्रभु ईसा मसीह के क्रूस ग्रहण (गुड फ्राइडे) के पहले पड़ने वाले इतवार पाम संडे को लेकर समुदाय के लोग उत्साहित भी रहे। खजूर इतवार पर गिरजाघरों में पवित्र खजूर की पत्तियां भी सजाई गई थी। खजूर इतवार पर छावनी क्षेत्र स्थित लाल गिरजाघर, सेंट मेरिज महागिरजाघर में समुदाय के लोग विशेष प्रार्थना में भाग लेने के लिए पूर्वांह बाद से ही पहुंचने लगे। समुदाय के लोग दो अप्रैल को गुड फ्राइडे और चार अप्रैल को ईस्टर का पर्व मनायेंगे।
बताते चले, गुड फ्राइडे के दिन प्रभु ईसा मसीह को सलीब पर चढ़ाया गया था। उससे पहले चालीस दिन तक प्रभु यीशु दिन-रात निर्जन स्थान पर निरंतर ईश्वर की प्रार्थना करते रहे। मसीही समुदाय के लोग भी चालीस दिन उपवास रख खुद की आत्मिक शुद्धि के साथ सेवा कार्य में समर्पित रहते है। बुरी संगत और हर तरह की बुराई से दूर रहने का प्रयास करते है।
