Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेश वाराणसी में मतदान के पहले बारिश

 वाराणसी में मतदान के पहले बारिश

-शुरूआत में ही कई जगहों से ईबीएम में मिली शिकायत, विशेषज्ञों ने ठीक कर शुरू कराया मतदान

वाराणसी (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव में पहले चरण का मतदान वाराणसी में गुरूवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। मतदान के पहले ही तेज बारिश से कुछ समय के लिए मतदान की गति प्रभावित हुई। लोग घरों में बारिश के थमने का इंतजार करते रहें । उत्साह से लबरेज युवा मतदाता बारिश में छाता लेकर अपने बूथ पर पहुंच कर मतदान भी करते रहे।

मतदान के शुरूआत में ही दनियालपुर सहित शहर के कुछ हिस्सों में ईवीएम चालू नही हो पाई तो मौके पर सेक्टर मजिस्टेट भी पहुंचे। उनकी देखरेख में तकनीकी विशेषज्ञों ने खराब ईबीएम को बदल कर मतदान शुरू कराया। इसी क्रम में नगर निगम के बूथ नंबर 166 पर ईवीएम के खराब होने की शिकायत पर विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए।

ईवीएम की शिकायतों के बीच लोग पूरे उत्साह के साथ मतदान करने के लिए परिवार के साथ पहुंचते रहे। वाराणसी में भाजपा महापौर पद के उम्मीदवार अशोक तिवारी ने मतदान के पूर्व हनुमान जी का विधिवत पूजन किया। इसके बाद गाय को चारा खिलाने के बाद पंक्षियों को भी दाना चुगाया। इसके बाद सिचाई विभाग कॉलोनी चंदुआ सट्टी के पीछे बूथ संख्या 114 पर मतदान किया। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल ने खोजवा प्राथमिक स्कूल में बने बूथ पर पूरे उत्साह से मतदान किया। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है, जो कि शाम छह बजे तक चलता रहेगा। वाराणसी मंडल में (वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर) में मत डाले जा रहे हैं। वाराणसी मंडल के 24.37 लाख 278 मतदाता मतदान करेंगे।

वाराणसी नगर निगम में मेयर पद के 11 और पार्षद पद के 637 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए नगर निगम में पांच जोन, 100 वार्ड, 408 मतदान केंद्र व 1298 बूथ बनाए गए हैं। कुल 16,11,536 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें।

चुनाव में जिले के तीन मंत्रियों अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल और डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’के साथ विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी,सौरभ श्रीवास्तव की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। स्थानीय स्तर पर चुनाव प्रचार में सभी ने पूरी ताकत लगाई थी। चुनाव प्रचार में जन प्रतिनिधियों ने नगर निगम क्षेत्र में गली—गली घुम कर प्रचार किया था। शाम 06 बजे मतदान के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम और बैलेट बॉक्स को सील कर पहड़िया स्थित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा । यहां की सुरक्षा व्यवस्था पैरामिलेट्री फोर्स के हाथों में होगी और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular