वाराणसी (हि.स.)। जिले की आठ विधानसभा सीटों में सिर्फ पिंडरा और रोहनिया से कांग्रेस ने ही प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा, सपा और बसपा के प्रत्याशी घोषित न होने से चुनाव प्रचार अभी रंगत में नहीं दिख रहा है। हालंकि भाजपा के सीटिंग विधायक अपना टिकट पक्का मान कर लगातार जनसम्पर्क में जुटे हुए हैं। भाजपा के काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ आईटीसेल भी उनके चुनावी अभियान को धारदार बना रहा है।
भाजपा के दक्षिणी विधानसभा के विधायक और प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव अलसुबह से ही क्षेत्र में दिख जाते हैं। दोनों विधायक सुबह की सैर के दौरान भी मतदाताओं से संपर्क करते हैं। शहर उत्तरी के विधायक और मंत्री रविन्द्र जायसवाल, रोहनिया विधायक सुरेन्द्र सिंह भी समर्थकों के साथ क्षेत्र में बराबर सक्रिय हैं। यही हाल पिंडरा के विधायक डॉ अवधेश सिंह और शिवपुर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का है। बाकी दलों में कांग्रेस के पिंडरा उम्मीदवार अलसुबह से ही क्षेत्र में निकल कर घर-घर जनसम्पर्क अभियान में लगे हुए हैं। वहीं, सपा के नेता फिलहाल सोशल मीडिया में ही दिख रहे हैं। वजह है कि पार्टी ने अभी प्रत्याशी घोषित नही किया हैं। दावेदार भी इस पर मौन हैं और सोशल मीडिया में सक्रियता बनाये हुए हैं। भाजपा में खास बात ये है कि सिटिंग विधायकों के अलावा दावेदार भी लगातार सक्रिय हैं। पार्टी के प्रत्याशी घोषित होने तक उनका सम्पर्क अभियान जमीन और सोशल मीडिया दोनों जगहों पर दिख रहा है।
उल्लेखनीय है कि वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, संत रविदासनगर, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र जिलों की कुल 54 विधानसभा सीटों पर 07 मार्च को मतदान है।
श्रीधर/पवन
