– मौके पर पहुंचे पुलिस अफसर,जिलाधिकारी ने अस्पताल में जाकर घायल श्रमिक का हाल जाना
वाराणसी (हि.स.)। चेतगंज थाना क्षेत्र के बाग बरियार सिंह (चौरछठवा) की गली में बुधवार को एक निर्माणाधीन मकान भरभरा कर गिर गया। हादसे में मलबे में दबकर एक श्रमिक की मौत हो गई। एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने घायल श्रमिक को कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भिजवाया।
बाग बरियार सिंह (चौरछठवा) की गली में गायत्री देवी पत्नी स्व.तारा प्रसाद के पुराने मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। मकान में चौबेपुर निवासी विजय राजभर (20) और आजाद राजभर काम कर रहे थे। अपरान्ह में अचानक मकान का छत भरभरा कर गिर गया। इसके मलबे में विजय और आजाद दब गये। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चेतगंज थाना प्रभारी ने क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकलवाने के बाद उन्हें अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने विजय को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पाते ही मौके पर एसीपी चेतगंज शिवा सिंह और वीडीए के उपाध्यक्ष भी पहुंच गये। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने अस्पताल में जाकर घायल श्रमिक को देखा और उसके बेहतर इलाज का निर्देश दिए।
श्रीधर
