-केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में की जन सुनवाई
वाराणसी (हि.स.)। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री कौशल किशोर ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जवाहरनगर गुरूधाम स्थित संसदीय कार्यालय में लोगों की फरियाद सुनी और उनका शिकायती पत्र लिया।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने शहर में चाक चौबंद साफ-सफाई एवं स्वच्छता के लिए अफसरों को निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप पात्र लोगों को आवासीय सुविधा मुहैया कराया जाय। शहर में सभी विभागों से विशेषकर जलकल विभाग से समन्वय कर सड़क बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कूड़े की उठान नियमित रूप से कराया जाय और सड़क के किनारे कहीं भी कूड़े का ढेर कतई नहीं दिखनी चाहिए। संसदीय कार्यालय में अफसरों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप पात्र लोगों को आवासीय सुविधा मुहैया कराया जाय। आवास निर्माण के लिये लाभार्थियों को दिए गए धनराशि के सापेक्ष मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ उनके आवास बने, यह सुनिश्चित कराया जाए।
मंत्री को बताया गया कि 19000 में से 17500 आवास बन गए हैं। मंत्री ने नए गांव जो नगरीय क्षेत्र में सम्मिलित हुए उनके बाबत जानकारी ली। नगर निगम की सड़कों के संबंध में नगर आयुक्त ने बताया कि 60 दिन में गड्ढा मुक्त व सफेद पट्टी बना कर पूर्ण कर देंगे। केन्द्रीय मंत्री ने संसदीय कार्यालय में लोगों की शिकायतें भी सुनी और उसका मौके पर ही निस्तारण किया। शिकायत सुनने के दौरान शिकायती प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए तत्काल प्राथमिकता पर शिकायतों का निस्तारण किये जाने हेतु निर्देशित किया।
श्रीधर
