—दोपहिया वाहन चालक हुए परेशान, लोेगों को गर्मी से मिली राहत
वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के जिलों में सोमवार अपराह्न मानसून ने जोरदार दस्तक दे दिया है। दोपहर तक धूपछांव और बादलों की आवाजाही के बीच अपराह्न में बादलों की गरज चमक के बीच शुरू हुई बूंदाबांदी देखते-देखते झमाझम बारिश में बदल गई। बारिश से लोगों को जहां गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कुछ इलाकों में सड़कों और गलियों में जलभराव से दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
शहर के अंधरापुल, कमच्छा संकुलधारा मार्ग, नई सड़क, गोदौलिया, मैदागिन आदि इलाकों में जलभराव से लोग देर तक जूझते हुए आते-जाते रहे। उधर, झमाझम बारिश से ग्रामीण काफी खुश दिखे। उनका मानना है कि मानसून समय पर आने से धान की बेहन डालने के साथ रोपाई में भी राहत रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह बादलों की सक्रियता बनी रहेगी। बरसात होगी तो तापमान में भी नमी रहेगी। बीएचयू के मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सिस्टम बनने की वजह से ही इस बार मानसून समय से पूर्व पूर्वांचल में सक्रिय है। मानसून की सक्रियता वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में जून माह के तीसरे सप्ताह के शुरूआत में होती रही है। लेकिन इस बार समय से पहले ही मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही इसकी सम्भावना जताई थी। झमाझम बारिश से अधिकतम और न्यूनतम पारा भी नीचे गिर गया।
वाराणसी : मानसून ने दी जोरदार दस्तक, झमाझम बारिश से कई जगह जल जमाव
RELATED ARTICLES
