Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त...

वाराणसी : भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी – पुलिस कमिश्नर

वाराणसी। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने फरार इनामी बदमाशों को पकड़ने के लिए मातहत अफसरों को टास्क दिया है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि प्रत्येक थानेदार अपने क्षेत्र के वर्षों से फरार चल रहे इनामी बदमाशों को अपना लक्ष्य बना पूरी योजना के साथ उन्हें गिरफ्तार करें। 
पुलिस कमिश्नर ने रविवार को अपनी पहली अपराध समीक्षा बैठक कर रहे थे। पिछले दो महीने से कोरोना संकट के चलते बैठक नही हो पाई थी। संक्रमण की दर कम होने पर पुलिस कमिश्नर ने समीक्षा बैठक में मातहतों को आमजन से शालीनता से पेश आने पर बल दिया। बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर उसके विरूद्ध सख्त कार्यवाही होगी। थाने पर आये फरियादी की शिकायत पर आवश्यक कार्यवाही होनी चाहिए। महिलाओं से सम्बंधित अपराध में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही करनी होगी। सड़कों पर वाहन की चेंकिग प्रभावी ढ़ग से हो लेकिन ध्यान रहे कि परिवार के साथ चलने वाले व्यक्ति को परेशान न किया जाये। 
उन्होंने कहा कि रंगदारी मांगने वाले प्रकरण में तत्काल कार्यवाही होनी चाहिए। लोगों के जमीन मकानों पर अवैध रूप से कब्जा न होने पाये। इसके लिए प्रभावी कार्यवाही होनी चाहिए। गैंगेस्टर एक्ट के वांछित बदमाशों को अभियान चलाकर थानेदार गिरफ्तार करें। पुलिस कमिश्नर ने मातहतों को निर्देश दिया कि पास्को एक्ट के चार मामलों की स्वयं प्रभावी पैरवी होनी चाहिए। अवैध शराब,शस्त्र बेचने वालों के खिलाफ कार्यवाही करें। कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के लिए पूरी तैयारी से कार्य करे और खुद भी इसका पालन करें। 
पुलिस कमिश्नर ने सभी चौकी प्रभारियों को एक-एक अपराधी को एक निश्चित अवधि में गिरफ्तार करने का लक्ष्य भी दिया। पुलिस कमिश्नर ने मंडुवाडीह क्षेत्र में पिछले दिनों दो वृद्धाओं की हत्या, सारनाथ क्षेत्र में युवक की हत्या, रामनगर में बच्चे की हत्या और शिवपुर स्थित सदर तहसील में ठेकेदार की हत्या जैसी पुरानी आपराधिक घटनाओं का उल्लेख कर इसके पर्दाफाश पर जोर दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular