गृहमंत्री के कार्यक्रम स्थल पं.दीन दयाल हस्तकला संकुल (टीएफसी) में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया
अफसरों के साथ प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा सहित अन्य नेताओं ने लिया जायजा
वाराणसी (हि.स.)। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार शाम वाराणसी आयेंगे। शहर में दो दिन प्रवास के दौरान गृहमंत्री पहले दिन बड़ालालपुर स्थित पं. दीन दयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के सभी 98 जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, प्रदेश की सभी 403 विधान सभा के प्रभारियों और प्रदेश के 6 क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष व क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ बैठक कर उन्हें सम्बोधित करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डाॅ दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद रहेंगे।
गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए टीएफसी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है। पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश और अन्य अफसरों ने वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा आदि ने भी कार्यक्रम स्थल टीएफसी जाकर तैयारियों का जायजा लिया ।
तैयारियां पुरी,व्यवस्था के लिए चुनिंदा कार्यकर्ताओं की टीम तैनात
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने गुरूवार को बताया कि बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। बाहर से आने वाले अतिथियों के ठहरने, कार्यक्रम स्थल पर जाने व आने के लिए वाहन सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग व्यवस्था के लिए चुनिंदा कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गयी है। बाहर से आने वाले अतिथियों से निरंतर सम्पर्क रखने के लिए सम्पर्क प्रमुखों की टीम के अतिरिक्त आईटी व सोशल मीडिया की टीम को लगाया गया है।
दो सत्रों में होगी बैठक
दो सत्रों में चलने वाली इस बैठक का प्रथम सत्र अपरान्ह 2.30 बजे से एवं दूसरा व समापन सत्र सायंकाल 5.30 बजे से प्रारम्भ होगा। समापन रात्रि 8.30 बजे होगा। बैठक में आने वाले अतिथियों का तिलक, पुष्पवर्षा एवं अंगवस्त्रम पहनाकर स्वागत करने की जिम्मेदारी काशी क्षेत्र की अध्यक्ष नम्रता चौरसिया, जिलाध्यक्ष विनिता सिंह एवं महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल के नेतृत्व में महिला मोर्चा की टीम को सौंपी गयी है।
5 हजार झंडे एवं एक हजार होर्डिंग लगे
भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल, यात्रा मार्ग एवं प्रमुख चौराहों पर 5 हजार पार्टी के झंडे एवं एक हजार होर्डिंग लगाये गये हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वाराणसी आगमन पर उनके स्वागत में एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल टीएफसी तक, टीएफसी से भोजुबीर, मकबूल आलम रोड, चौकाघाट, कैंट से लहरतारा,मडुवाडीह पुल से डीएलडब्लयू, सुंदरपुर से नरिया लंका, रविदास गेट से अमेठी कोठी मार्ग पर पार्टी का झंडा लगाया गया है।
