-लगातार सातवें दिन मुर्री बंद कर बुनकरों का प्रदर्शन
वाराणसी (हि.स.)। बिजली का फ्लैट रेट बहाल करने की मांग को लेकर लगातार सातवें दिन बुधवार को भी बुनकरों ने मुर्री (लूम) बंद कर मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। गुरुधाम कालोनी स्थित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय कार्यालय के सामने भारी संख्या में जुटे बुनकरों ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रधानमंत्री से दखल देने की गुजारिश की।
बुनकरों के प्रदर्शन को देख वहां सुरक्षा का व्यापक इंतजाम रहा। बुनकरों ने प्रदर्शन के बाद अपनी मांगों का ज्ञापन भी संसदीय कार्यालय में सौंपा। बुनकरों के हड़ताल के समर्थन में वाराणसी वस्त्र बुनकर संघ और बुनकर बिरादाराना तंजीम भी कदमताल कर रहा है। दोनों संगठनों के सयुक्त आह्वान पर बुनकर आरपार की लड़ाई लड़ने का ऐलान कर चुके हैं।
बुनकर संघ के अध्यक्ष राकेशकांत राय ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि वाराणसी संसदीय सीट के सांसद भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री हैं। भारी संख्या में बुनकर और बुनकरी पेशे से जुड़े लोग उनके संसदीय क्षेत्र में आते हैं। आज बुनकर 7 दिनों से पूरे प्रदेश में पॉवरलूम की बंदी करके हड़ताल पर है। विगत 8 महीनों से कोरोना का मार झेलने के बाद बुनकरों की बिजली की समस्या का समाधान नहीं निकल पाया है।
उन्होंने कहा कि इस त्योहारी सीजन में बुनकर दाने-दाने को मोहताज है, बुनकरों की माली दयनीय हालत को देखते हुए फ्लैट रेट बिजली उचित बृद्धि के साथ बहाल किया जाय। उन्होंने कहा कि बुनकर सरकार के खिलाफ नहीं हैं। हम लोगों की रोजी रोटी की मांग है, उसे सरकार को पूरा करना चाहिए। मानव श्रृंखला में शैलेश सिंह ,अकरम अंसारी, पार्षद हाजी ओकास अंसारी, ज्वाला सिंह, जीशान आलम ,संजय प्रधान, विनोद मौर्य, लालता प्रसाद ,इरशाद भाई ,महताब आलम,अनीस अंसारी, भरत मास्टर,पार्षद गुलशन अली,अकील अंसारी, जुबैर आदिल आदि शामिल रहे।
-तहसील पर गुरुवार को करेंगे प्रदर्शन
अपनी मांगों के समर्थन में बुनकर गुरुवार को राजातालाब तहसील पर भी प्रदर्शन करेंगे। पहले से छूट में मिल रही बिजली को खत्म करके बिजली के बिल में बेतहाशा बृद्धि के विरोध में प्रदर्शन के बाद बुनकर छह सूत्री मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपेंगे।
वाराणसी: फ्लैट रेट पर बिजली देने की मांग कर बनाई मानव श्रृंखला
RELATED ARTICLES
