Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी: फिर बदला मौसम का तेवर,घनी बदली और बारिश से बढ़ी ठंड

वाराणसी: फिर बदला मौसम का तेवर,घनी बदली और बारिश से बढ़ी ठंड

अपरान्ह तीन बजे इतना बढ़ा अंधेरा कि वाहनों काे जलानी पड़ी हेडलाइट

वाराणसी (हि.स.)। धर्म नगरी काशी में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप मंगलवार अपरान्ह अचानक मौसम का तेवर बदल गया। बदली और बूंदाबांदी के बाद घने बादलों के बीच तेज रिमझिम बारिश होने लगी। अपरान्ह तीन बजते-बजते अंधेरा किस कदर बढ़ गया कि वाहनों को हेडलाइट जलाकर गंतत्व की ओर धीमी चाल से चलना पड़ा।

सड़कों और बाजारों में मौसम के तेवर देख सन्नाटा पसर गया। लोग सुरक्षित जगह पर बारिश के थमने का इंतजार करने लगे। बारिश बंद होने पर लोग अपनी मंजिल की ओर रवाना हुए। बारिश और बदली से ठंड जहां बढ़ गई । वहीं लोगों को सिहरन का एहसास होता रहा। बारिश के चलते शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली की आपूर्ति भी देर तक बाधित रही। बारिश से गलियों और सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश शुरू हुई है।

बूंदाबांदी के साथ खराब होने वाले मौसम का प्रभाव बुधवार और गुरुवार तक रह सकता है। दो दिनों के बाद बादल छंटेंगे और फिर कड़ाके की ठंड पड़ेगी । अरब सागर क्षेत्र में बना कम वायुदाब का क्षेत्र है। इसकी वजह से आसमान में बादल आने लगे हैं। पश्चिम की ओर से आ रहे बादल और हवाएं अगले 24 घंटों के भीतर और बूंदाबांदी करा सकते हैं। इसके पहले सुबह बदली और हल्की धूप से ठंड भी बढ़ गई। शहर के विभिन्न चौराहों के साथ गंगा घाटों,रेलवे स्टेशन,रोडवेज,सार्वजनिक जगहों पर चाय की दुकानों पर भीड़ देखी गई।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular