Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेश वाराणसी : पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस कर्मियों को नमन

 वाराणसी : पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस कर्मियों को नमन

वाराणसी (हि.स.)। पुलिस स्मृति दिवस पर शनिवार को वाराणसी पुलिस लाइन में शहीद स्मारक पर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।

कर्तव्यपथ पर अपने प्राण गंवाने वाले शहीदों के बलिदान को राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिला जज डा. अजय कृष्ण विश्वेश, महापौर अशोक तिवारी, पुलिस कमिश्नर मुथा अशोक जैन, जिलाधिकारी एस राजलिंगम सहित अन्य अफसरों ने भी वीर जवानों को स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पहले पुलिस गारद ने सशस्त्र सलामी देते हुए जवानों की वीरता, शौर्य और बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ने कहा कि आज कर्तव्य के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन करना ही नही बल्कि प्रेरणा लेने का दिवस है। हम अपने जवानों और पुलिस कर्मियों के अथक समर्पण की सराहना करते हैं। सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

एनडीआरएफ बचावकर्मियों ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को किया नमन

11 एनडीआरएफ, वाराणसी स्थित मुख्यालय में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने पिछले एक वर्ष के दौरान शहीद होने वाले 188 (एक सौ अट्ठासी) देश के सभी अर्धसैनिक बल एवं पुलिस बल कार्मिकों के नाम पढ़ते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित । एनडीआरएफ के सभी बचावकर्मियों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा । उप महानिरीक्षक ने बताया कि यह दिवस देश के सभी पुलिस के लिए काफी गौरवशाली है। आज के ही दिन वर्ष 1959 में लद्दाख के हाट स्प्रिंग नामक स्थान पर चीन की सेना ने सीआरपीएफ की एक छोटी टुकड़ी पर घात लगाकर हमला किया था। सीआरपीएफ के जवानों ने अदम्य साहस एवं वीरता का परिचय देते हुए चीनी सेना के हमले का पुरजोर मुकाबला किया एवं उनको पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस लड़ाई में सीआरपीएफ के 10 वीर जवान अपने देश की रक्षा में शहीद हो गए थे। इन्हीं वीर जवानों की शहादत को याद करने के लिए प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को सभी पुलिस बल इस दिन को उनके बलिदान तथा वीरता की याद में पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाते हैं।

श्रीधर/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular