Wednesday, March 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेश वाराणसी: पुराने टायरों से भरे कबाड़ के गोदाम और लकड़ी के टाल...

 वाराणसी: पुराने टायरों से भरे कबाड़ के गोदाम और लकड़ी के टाल में लगी आग, काबू

– लाखों का सामान जलकर खाक

वाराणसी(हि.स.)। आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊ चुंगी स्थित पुराने टायरों से भरे कबाड़ के गोदाम में रविवार तड़के आग लग गई। आग की भयावह लपटों को देखकर क्षेत्रीय लोगों में हड़कम्प मच गया। सूचना पाते ही मौके पर फायर बिग्रेड के गाड़ियों के साथ क्षेत्रीय पुलिस भी पहुंच गई। जब तक आग पर दमकल कर्मी काबू पाते गोदाम में रखा टायर और लकड़ी का टाल व मशीनें जलकर खाक हो गईं।

भदऊ चुंगी जीडी रोड पर दिल्ली निवासी टायर कारोबारी किशोरी कुमार का गोदाम है। यहां पर रद्दी और पुराने टायरों को इकट्ठा कर रखा जाता है। गोदाम से सटा लकड़ी का टाल भी है। आज तड़के गोदाम में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते लकड़ी के टाल को भी अपने लपेटे में ले लिया। दावानल बनी आग की लपटों को देख आसपास रहने वाले लोगों में हड़कम्प मच गया।

क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों के टायर और लकड़ी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। लकड़ी के टाल के मालिक ओम यादव के अनुसार अगलगी से लकड़ी समेत आरा मशीन और फर्नीचर जलकर राख हो गया है। लाखों रूपये का नुकसान हुआ है।

श्रीधर/राजेश तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular