-पहली बार गर्भवती होने पर तीन किश्तों में मिलते हैं 5,000 रुपये
वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) का लाभ गर्भवती महिलाएं अब बिना किसी झिझक के ले रही हैं। पिछले चार वर्षो में ही जिले में 63,203 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। योजना में पहली बार गर्भवती होने महिलाओं को तीन किश्तों में पांच हजार रुपये मिलते हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने योजना की शुरुआत जनवरी 2017 से शुरू की थी । अब इस योजना के चार वर्ष पूरे हो चुके हैं। सोमवार को जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि पीएमएमवीवाई एक ऐसी योजना है, जिसमें पहली बार गर्भवती हुईं महिलाओं को पोषण सहायता के रूप में तीन किश्तों में पांच हजार रुपये सरकार द्वारा सीधे उनके पंजीकृत खाते में पहुंचाए जाते हैं। इस योजना का उद्देश्य है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण मिल सके जिससे जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ रहें।
एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डॉ. एके मौर्य ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान पहले 150 दिन के अंदर पंजीकरण कराने के बाद पहली किश्त 1000 रुपये की राशि प्रदान की जाती है। दूसरी किश्त गर्भावस्था के 180 दिन के अंदर कम से कम एक प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) कराने पर प्रदान की जाती है। दूसरी किश्त में लाभार्थी को 2000 रुपये मिलते हैं। तीसरी किश्त प्रसव के 42 दिन के बाद बच्चे के प्रथम चरण के टीकाकरण पूर्ण होने पर मिलती है। इसके तहत लाभार्थी को 2000 रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और पोर्टल से जुड़ी हुयी है। पोर्टल पर लाभार्थी का पंजीकरण होना बहुत ही आवश्यक है, क्योंकि इसी के आधार पर उसे योजना का लाभ मिल सकेगा। योजना के तहत जिले में अब तक 25,76,87,000 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में भेजे जा चुके हैं। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में एक करोड़ से अधिक लाभार्थियों को योजना के तहत पंजीकृत किया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ ही उत्तर प्रदेश, देश में प्रथम स्थान पर क़ाबिज़ है।
-लाभार्थी भी योजना से खुशशहरी क्षेत्र डाफ़ी, मलहिया निवासी ज्योत्सना (29) ने सरकार की इस योजना की तारीफ कर कहा कि पहली बार मां बनने पर गर्भावस्था के दौरान उन्हें तीन हजार रुपये प्राप्त हुए, जिससे उन्हें पोषण में बहुत सहयोग मिला। फिर प्रसव के बाद भी उन्हें दो हजार रुपये मिले। आराजीलाइन ब्लॉक की अंजना देवी (27) ने बताया कि पहली बार मां बनने पर उन्हें तीन किस्तों में पांच हजार रुपये मिले। जिससे उन्होंने पोषक तत्वों युक्त खानपान पर खर्च किया। अंजना ने भी सरकार की योजना की सराहना की।
