Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी नगर निगम के फेसबुक पेज को साइबर अपराधियों ने हैक किया,...

वाराणसी नगर निगम के फेसबुक पेज को साइबर अपराधियों ने हैक किया, मुकदमा दर्ज

– कई अश्लील वीडियो (एडल्ट कंटेंट) पोस्ट करने वाले की तलाश में जुटी पुलिस की टीमें

वाराणसी(हि.स.)। नगर निगम के अधिकृत फेसबुक पेज को साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है। पेज पर साइबर अपराधियों ने कई अश्लील वीडियो (एडल्ट कंटेंट) पोस्ट कर दिए। शनिवार को अश्लील वीडियो पोस्ट देखकर लोग हैरान रह गए। देखते ही देखते सोशल मीडिया पर पेज वायरल होने लगा। नगर निगम के अफसरों को इसकी जानकारी हुई तो हड़कम्प मच गया। इसके बाद पेज हैक की जानकारी पुलिस को दी गई। नगर निगम के अफसरों के अनुसार जी-20 से जुड़ी तस्वीरों के बाद 24 मई से पेज अपडेट नहीं किया गया था।

नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार नगर निगम वाराणसी के फेसबुक पेज पर अवांछित सामग्री पोस्ट करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हैक करने वाले व्यक्ति को यह भी सूचित किया जाता है कि वह स्वयं सामग्री हटा ले तथा पेज रोल एक्सेस नगर निगम वाराणसी को वापस कर दे, अन्यथा दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी नगर निगम के फेसबुक पेज को हैक करने के बाद साइबर अपराधियों ने शनिवार को एक के बाद एक लगातार पांच वीडियो पोस्ट किए। पहला वीडियो सुबह करीब छह बजे के आसपास डाला गया। इसके बाद लगातार एक के बाद एक पांच वीडियो पोस्ट कर दिए। न्यू सीरीज आन नेटफ्लिक्स 2023 के नाम से वीडियो हैकरों ने फेसबुक पेज हैक करते हुए अश्लील वीडियो अपलोड किए हैं।

श्रीधर/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular