Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को हटाने की सुभासपा ने की मांग

वाराणसी जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को हटाने की सुभासपा ने की मांग

सुभासपा अध्यक्ष ने ट्वीट कर चुनाव आयोग से मांगी सुरक्षा

वाराणसी (हि.स.)। शिवपुर विधानसभा सीट से सुभासपा प्रत्याशी अरविंद राजभर के नामांकन जुलूस में शामिल पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ कचहरी में अभद्रता का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर वाराणसी जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा और पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश को हटाने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग उनकी हत्या कराना चाह रहे हैं। मैं चुनाव आयोग से मांग करता हूं कि अरविंद राजभर,ओम प्रकाश राजभर को सुरक्षा मुहैया कराये। इस मामले में कैंट पुलिस ने आज अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वायरल वीडियो में ओमप्रकाश राजभर के साथ दुर्व्यवहार व अभद्रता करने वाले अधिवक्ताओं की पहचान कमिश्नरेट पुलिस की ओर से कराई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि शिवपुर विधानसभा से अपने पुत्र के नामांकन में आए सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के खिलाफ अधिवक्ताओं के एक गुट ने जमकर नारेबाजी की थी। राजभर को अधिवक्ताओं ने लोकतंत्र का ब्लैकमेलर और कालिख बताया। अधिवक्ताओं का तेवर देख ओपी राजभर भी मौन रहे। पुत्र के नामांकन के बाद मीडिया कर्मियों से बातचीत में ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यह सब भाजपा के इशारे पर किया गया। प्रकरण में वायरल हुए वीडियो में ओम प्रकाश राजभर के नामांकन कक्ष की ओर मुड़ते ही चार से पांच की संख्या में कुछ युवक जो काला कोट पहने हुए थे, अधिवक्ता के वेष में नारेबाजी और धक्का मुक्की करने की कोशिश करते दिख रहे हैं। अधिवक्ता जय श्रीराम के नारे भी लगाते हुए दिख रहे हैं।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular