Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : जल शक्ति विभाग मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों...

वाराणसी : जल शक्ति विभाग मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति ) मंत्री डॉ महेंद्र सिंह ने रविवार को शहर में बाढ़ पीड़ित क्षेत्र का दौरा किया। मंत्री महेंद्र सिंह ने राजघाट और पुराना पुल से गंगा और वरुणा नदी के जलस्तर का जायजा लेने के बाद बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण कर पीड़ितों से बातचीत भी की।

मंत्री ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश से 22 लाख क्यूसेक लीटर पानी छोड़े जाने से चंबल से होते हुए यमुना और फिर गंगा का जलस्तर बढ़ गया। वाराणसी में गंगा का जल स्तर खतरे के निशान नीचे होने की जानकारी पर उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ का शुक्र है कि अभी यहां गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से नीचे है। जबकि अन्य जनपदों में गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों की मदद में जुटे एनडीआरएफ के जवानों की भूमिका को भी सराहा।

बताते चलें कि, वाराणसी में गंगा और वरूणानदी के रौद्र रूप में आते ही तटवर्ती क्षेत्र के आवासीय बस्तियों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कुछ इलाकों में खास कर निचले इलाकों में मकान का एक मंजिल बाढ़ के पानी में डूब गया है। वरुणा नदी के किनारे ढ़ेलवरिया, हुकुलगंज, पिपरहवाघाट, नई बस्ती, पुलकोहना, नक्खीघाट आदि इलाकों में दर्जनों मकान पानी से घिर गए हैं।

जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा के अनुसार नौ बाढ़ चौकियों पर बाढ़ प्रभावित 738 लोगों को आश्रय दिया गया है। बाढ़ के मद्देनजर विभागों के कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। बाढ़ राहत केंद्रों पर खाद्य सामग्री, तिरपाल और पशुओं के चारे का इंतजाम किया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार 03 मोटर बोट तथा 15 नावों की व्यवस्था की गई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular