Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : घंटों मां के सामने पड़ा रहा बेटे का शव, निगमकर्मी...

वाराणसी : घंटों मां के सामने पड़ा रहा बेटे का शव, निगमकर्मी ठेले पर लादकर श्मशान घाट ले गए

वाराणसी । मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां रविवार को एक व्यक्ति की मौत के बाद घंटों तक उसका शव मां के सामने ही पड़ा रहा। इस दौरान कोई अंतिम संस्कार के लिए आगे नहीं आया। जब कानपुर से छोटा भाई आया तब जाकर जैसे-तैसे कंधा देने के लिए लोग आगे आए। लोग थोड़ा आगे बढ़े ही थे कि नगर पालिका के कर्मचारी वहां पहुंच गए और उन्होंने शव को ठेले पर लाद लिया। छोटा भाई मना करता रहा लेकिन नगर पालिका कर्मचारियों ने एक नहीं सुनी और ठेले पर लादकर शव को श्मशान घाट ले गए।
वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में रविवार सुबह 44 साल के प्रशांत की मौत हो गई थी, लेकिन कोरोना के डर से कंधा देने के लिए लोग आगे नहीं आए। घर में सिर्फ प्रशांत की मां ही थीं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। कई घंटों तक मां के सामने ही बेटे का शव पड़ा रहा, लेकिन किसी ने दया नहीं दिखाई। बाद में जब छोटा भाई कानपुर से लौटा तो अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। जैसे-तैसे लोगों ने हिम्मत जुटाई और शव को श्मशान घाट तक कंधा देने की तैयारी की। कुछ लोग शव को रखकर आगे बढ़े ही थे कि इतने में वहां नगर पालिका के कर्मचारी पहुंच गए।
उन्होंने शव को कंधे से उतरवा लिया और ठेले पर लाद दिया। मृतक के छोटे भाई और लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन कर्मचारियों ने एक नहीं सुनी और श्मशान घाट की ओर बढ़ चले। रामनगर नगर पालिका प्रशासन और उनके कर्मचारियों के इस व्यवहार से इलाके में लोगों में रोष है।

RELATED ARTICLES

Most Popular