वाराणसी (हि.स.)। चौसट्टी घाट पर रविवार को गंगा में स्नान के दौरान एक 13 वर्षीय बालक को पीएसी के जवानों ने डूबने से बचा लिया। बच्चे को सकुशल देख परिजनों ने जहां पीएसी के जवानों का आभार जताया। सोशल मीडिया में भी जवानों की जमकर सराहना हो रही है।
रेवड़ी तालाब भेलूपुर निवासी शाहिद जुनैद का पुत्र मोहम्मद इक़बाल अपने परिचितों के साथ चौसट्टी घाट पर पूर्वांह में गंगा स्नान के लिए आया। गंगा में स्नान के दौरान इकबाल डूबने लगा, यह देख मौके पर मौजूद लोग शोर मचाकर मदद की गुहार लगाने लगे। शोर सुनकर मौके पर मौजूद 34 वाहिनी पीएसी फ्लड कंपनी के जवान धर्मवीर कुमार,अनिल कुशवाहा,और श्रीभगवान वर्मा ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी और बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद बच्चे के मुंह से पानी निकाल कर उसकी जान बचाई।
पुष्कर मेले के दृष्टिगत आजकल जल पुलिस के सहयोग के लिए पीएसी फ्लड कंपनी के जवान घाटों पर तैनात है। मेले में लगभग एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। मेले में लगभग एक लाख की भीड़ प्रतिदिन आने का अनुमान लगाया गया है। इसे दृष्टिगत रखते हुए गंगा घाटों पर अलग-अलग भाषाओं में साइन बोर्ड बनवाए जा रहे हैं। गंगा घाटों पर कहीं गहराई ज्यादा है तो कहीं कम यह देख लोगों को डूबने से बचाने के लिए जल पुलिस के साथ एनडीआरएफ और पीएसी के फ्लड कंपनी के जवानों को भी घाटों पर तैनात किया गया है।
श्रीधर
