वाराणसी (हि.स.)। चोलापुर थाना क्षेत्र के आयर गांव के सिवान में स्थित गेहूं के खेत में शुक्रवार को गांव के ही 28 वर्षीय एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। धारदार हथियार से युवक की गला रेतकर हत्या की गई थीं। पुलिस को छानबीन के दौरान हमलावरों और मृतक के बीच संघर्ष का निशान भी मिले।
रोजाना की तरह आज भी आयर गांव के किसान और मजदूर खेतों में गेहूं के कटाई के लिए सिवान की ओर निकले। इसी दौरान गांव के ही करिया यादव का खेत में गला रेता रक्तरंजित शव पड़ा हुआ देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य को जुटाया।
ऐसी संभावनाएं जताई जा रही है कि वारदात रात दो से तीन बजे के बीच हुई है। चोलापुर थानाध्यक्ष के अनुसार मामले की छानबीन चल रही है। शीघ्र ही हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पुलिस ने मृतक की पत्नी सहित चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पारिवारिक विवाद और अन्य बिन्दूओं पर छानबीन चल रही है।
