Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सहित 06 कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज,पार्टी में...

वाराणसी : कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सहित 06 कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज,पार्टी में नाराजगी

वाराणसी (हि.स.)। जन समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज होने से पार्टी में नाराजगी बढ़ रही है। बीते शुक्रवार की शाम पार्टी के महानगर अध्यक्ष और आधा दर्जन कार्यकर्ताओं पर फिर मुकदमा दर्ज होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सोशल मीडिया पर भी जमकर विरोध जताया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा है कि सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए विपक्ष पर मुकदमा दर्ज करवा रही है। ये असंवैधानिक कृत्य है। कांग्रेस का कार्यकर्ता इस झूठे मुकदमे से डरने वाला नहीं है। वह बल्कि और डटकर जनता की समस्याओं के लिए सड़क पर उतरेगा। पूर्व विधायक ने बताया कि बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान एक घायल बच्ची को डिस्चार्ज करने की सूचना पर कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन पर दबाव बनाया तब बच्ची को पुनः भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

इसी मामले में शुक्रवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और प्रदेश सचिव राहुल राजभर पर जिला प्रशासन ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवा कार्यकर्ता चंचल शर्मा ने कहा कि राजनीति में मुकदमा ईनाम और जेल अस्थायी घर होता है योगी है! कदम से कदम मिलाकर लड़े है और आंख से आंख मिलाकर लड़ेंगे….। महानगर अध्यक्ष समेत 06 अन्य लोगों पर अलोकतांत्रिक तरीके से मुकदमा पंजीकृत करना शासन-प्रशासन का कायराना कृत्य है।

बताते चलें कि, पीड़ित बालिका से मिलने ट्रामा सेंटर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगा ट्रामा सेंटर के मुख्य गेट को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के कारण ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराने आए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। लंका थाने में नगवा चौकी प्रभारी ने इस मामले में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, राहुल राजभर, आलोक कुमार गौतम,धीरज, विशाल और पिंटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

RELATED ARTICLES

Most Popular