वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का 51वां जन्मदिन शनिवार को कार्यकर्ताओं ने उत्साह से मनाया। जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने कहीं रूद्राभिषेक कर अपने नेता के दीर्घ जीवन की कामना की। तो कहीं चौराहे पर फल और मास्क गरीबों में वितरित किया।
महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे और पंकज सिंह डब्ल्यू के नेतृत्व में अस्सी स्थित ओमकारेश्वर महादेव मंदिर में जुटे कार्यकर्ताओं ने रूद्राभिषेक कर राहुल गांधी के दीर्घ जीवन के लिए महादेव से कामना की। कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य करते हुए संकट मोचन कुष्ठ आश्रम में अनाज और भोजूबीर स्थित नारायणपुर में जरूरतमंद लोगों में राहत सामग्री वितरित किया।
कार्यकर्ताओं ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय स्थित छात्रसंघ भवन के पास पौधारोपण भी किया। मैदागिन चौराहे पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ब्यापार प्रकोष्ठ(पूर्वांचल) के कार्यकर्ताओं ने प्रांतीय चेयरमैन दुर्गाप्रसाद गुप्त के नेतृत्व में जिला और महानगर व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विपिन पाल व मनोज वर्मा के साथ मिलकर चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद राहगीरों और जरूरतमंदों में सर्जिकल मास्क और फल (आम) वितरित किया।
नवाचार और मूल्यपरक राजनीति के आशा की किरण हैं राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर ईंगलिशिया लाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी फाउन्डेशन सभागार में विचार गोष्ठी आयोजित किया गया। गोष्ठी में राहुल गांधी के दीर्घ जीवन की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी नवाचार और मूल्यपरक व्यवहारिक राजनीति के आशा की किरण हैं। राहुल गांधी असीम सम्भावनाओं से भरे एक बेहद ईमानदार सोच वाले देश के एक मात्र ऐसे युवा नेता हैं। जिन्हें देश के आम आदमी की चिन्ता हमेशा रहती है। और वे सच की लड़ाई को बड़ी निर्भिकता और बहादुरी के साथ लड़ते रहते हैं। देश को आज ऐसे ही बहादुर नेता की जरूरत है। जो देश को खोखला करने और बांटने वाली तानाशाही शक्तियों से मुकाबला कर सके।
गोष्ठी में विजय शंकर पाण्डेय, बैजनाथ सिंह, विजयशंकर मेहता, भूपेन्द्र प्रताप सिंह शैलेन्द्र सिंह, अशोक पाण्डेय, विजयकृष्ण राय अन्नू, प्रमोद श्रीवास्तव, डा. उमापति उपाध्याय, पुनीत मिश्रा आदि शामिल रहे।
वाराणसी : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के जन्मदिन पर किया रूद्राभिषेक, पौधरोपण
RELATED ARTICLES
