Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : एएलएस एम्बुलेंस चालकों और कर्मचारियों का धरना जारी

वाराणसी : एएलएस एम्बुलेंस चालकों और कर्मचारियों का धरना जारी

वाराणसी (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस पर कार्यरत चालकों और कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा।

रामनगर रामबाग पोखरे के पास जुटे कर्मचारियों ने एम्बुलेंस खड़ा कर जमकर प्रदर्शन किया। 108-102 एएलएस संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार शुक्ला ने इस दौरान कहा कि सरकार हम एम्बुलेंस कर्मियों के साथ घोर अन्याय कर रही है। कम्पनी के अधिकारी और न ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हमारी सुध ले रहे हैं। एम्बुलेंस कर्मियों को एक एजेंसी से दूसरे में बार—बार समायोजित कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे नौकरी चले जाने का खतरा बना रहता है। उधर, एम्बुलेंस हड़ताल कर्मियों की हड़ताल से मरीजों और उनके परिजनों की जमकर फजीहत हुई। निजी एम्बुलेंस कर्मियों और वाहन चालकों ने मरीजों के परिजनों से मनमाना किराया वसूला। रामनगर पोखरे पर हड़ताल में पारसनाथ यादव, हीरालाल यादव, श्याम सिंह, अशोक कुमार, अरुण कुमार ,हूब लाल यादव, संतोष कुमार, विपुल उपाध्याय आदि एम्बुलेंस कर्मी शामिल रहे।

सपा ने किया समर्थन

एम्बुलेंस के चालकों और कर्मचारियों के हड़ताल का समाजवादी पार्टी ने समर्थन किया है। पार्टी के रामनगर नगर अध्यक्ष जितेंद्र मलिक कार्यकर्ताओं के रामबाग पोखरे पर पहुंचे और हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन किया। इस दौरान मलिक ने कहा कि यह सरकार हिटलर शाही सरकार है। अपने हक की मांग कर रहे कर्मचारियों को प्रशासन की तरफ से डराया धमकाया जाता है और मुकदमा लाद कर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। यदि इन कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं दिया गया एवं ठीक तरीके से सुचारू रूप से नौकरी करने नहीं दिया गया तो प्रदेश भर में पार्टी विशाल धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular