वाराणसी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा बुधवार को जिले में प्रवेश कर गई। सेवापुरी कपसेठी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की अगुवाई में पहुंची यात्रा का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष सिंह के रथ पर मंत्री नंद गोपाल नंदी, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कौशलेंद्र पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या और अन्य नेता सवार हुए। यात्रा सेवापुरी से आगे बढ़ी तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह यात्रा में शामिल नेताओं का स्वागत किया। यात्रा के स्वागत के लिए पूरे शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। जनविश्वास यात्रा रोहनियां विधानसभा के परमपुर रिंगरोड चौराहा, अकेलवां चौराहा, गंगापुर त्रिमुहानी, दाउदपुर बाजार, रोहनियां बाजार, मोढैला, मडुवाडीह होते हुए वाराणसी महानगर की कैंट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भिखारीपुर से होते हुए महानगर की सीमा में प्रवेश करेगी।
पार्टी के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी के अनुसार प्रदेश के 6 स्थानों से 19 दिसंबर को एक साथ जनविश्वास यात्रा की शुरुआत हुई थी। इसके जरिए पार्टी केंद्र की मोदी सरकार की 7 वर्ष एवं प्रदेश की योगी सरकार के पांच वर्षों की उपलब्धियों एवं जनहित में किए गये कार्यों को जनता को बता रही है। भिखारीपुर से होते हुए यह यात्रा सुंदरपुर, नरिया, होते हुए मालवीय चौराहा लंका पहुंचेगी, जहां महामना पं. मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया जाएगा। इसके बाद यात्रा संत रविदास गेट, अस्सी चौराहा, बंगाली टोला इंटर कॉलेज, जंगमबाड़ी होते हुए वाराणसी शहर दक्षिणी के गोदौलिया पहुंचेगी। गोदोलिया चौराहे से आगे बढ़ते हुए काशी विश्वनाथ धाम, चौक थाना, नीचीबाग महानगर कार्यालय होते हुए मैदागिन पहुंचेगी। यहां से यात्रा लोहिया, कबीरचौरा, पिपलानी कटरा, रामकटोरा होते हुए लहुराबीर चौराहे पर पहुंचेगी, जहां अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यापर्ण होगा। उसके बाद जन विश्वास यात्रा क्वींस कालेज होते हुए उत्तरी विधान सभा में प्रवेश करेगी।
श्रीधर
