– राजभर ने कहा कि अब्बास अंसारी मेरे विधायक, उनकी मदद जारी रखूंगा
लखनऊ (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को बांदा जेल में बंद बहुबली मुख्तार अंसारी का पक्ष लिया है। उन्होंने कहा कि, मुख्तार के बेटे अब्बास अंसारी मेरी पार्टी के विधायक हैं। उन्हें बचाने की जिम्मेदारी मेरी है। राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है जब उनकी नजदीकियां भाजपा से बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं। राजभर को योगी सरकार ने वाई श्रेणी की सुरक्षा भी दी है। ऐसे में सियासी गलियारे में राजभर का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।
सुभासपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री राजभर ने एक सवाल पर कहा कि, अगर उनकी पार्टी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से गठबंधन होता है तो ‘मुख्तार अंसारी का बेटा अब्बास भी उसका सपोर्ट करेंगे।’ ओपी राजभर के भाजपा के पक्ष में लगातार आ रहे बयान उनके गठबंधन दल समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए बेहतर संकेत नहीं है। माना जा रहा है कि जल्द ही सपा से उनका गठबंधन टूट सकता है। राजभर खेमा बदल सकते हैं। हालांकि जानकारों का मानना है कि तकनीकी रूप से राजभर अब्बास अंसारी का विरोध नहीं कर सकते। अब्बास सुभासपा से ही विधायक हैं।
अखिलेश पर हमलावर तेवर बने सुरक्षा मिलने का कारण
समाजवादी पार्टी (सपा) गठबंधन के घटक दल सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर बीते कुछ दिनों से अखिलेश यादव के रवैये से नाराज चल रहे हैं। इसके चलते वह लगातार अखिलेश पर तीखे हमले बोल रहे हैं। इन बायनों और राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन के पीछे की वजह भी अखिलेश से नाराजगी बतायी जा रही है। वोटिंग के दौरान राजभर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ दिखे थे। माना जा रहा है कि राजभर की सपा से बढ़ती दूरियों को देखते हुए योगी सरकार ने उनकी सुरक्षा को बढ़ाने का निर्णय दिया है।
ओपी राजभर को योगी सरकार ने शुक्रवार को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी है। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारे में उनके 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। शासन के आदेश पर गाजीपुर पुलिस ओम प्रकाश राजभर की सुरक्षा के लिए 16 पुलिसकर्मियों की तैनाती करेगी।
मोहित/दिलीप
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
