हापुड़ (हि.स.)। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने शनिवार को कहा कि वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था में जबरदस्त सुधार आया है। किसानों के लिए बनाए गए कृषि अवसंरचना कोष से उप्र को 1297 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
केंद्र और प्रदेश सरकार की जन हितैषी नीतियों के कारण वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रदेश की जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा और प्रदेश में पुनः भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन शनिवार को स्वर्ग आश्रम मार्ग स्थित राम वाटिका में भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के लिए गठित कृषि अवसंरचना कोष से उप्र को 1297 करोड़ आवंटित किए गए हैं। प्रदेश में एक जिला एक उत्पाद की योजना को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने अपराधियों पर लगाम लगाई है। प्रदेश में वर्ष 2016 की तुलना में डकैती, लूटमार, अपरहण, दुष्कर्म, बलवा और हत्या जैसे संगीन अपराधों में भारी कमी आई है। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में भी कमी आई है। प्रदेश में 15 हजार किलोमीटर से ज्यादा नई सड़कों और 520 पुलों का निर्माण किया गया है। गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे जैसे बड़े-बड़े एक्सप्रेस वे का निर्माण किया गया है। अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण किया जा रहा है।
